हरियाली तीज पर खिला नारी शक्ति का उल्लास, रंग-बिरंगे आयोजनों में झूमीं महिलाएं

आगरा। हरियाली तीज के उपलक्ष्य में आगरा शहर में महिला संगठनों द्वारा पारंपरिक संस्कृति, नारी सशक्तिकरण और उत्सवधर्मिता का अनूठा संगम देखने को मिला। गीत-संगीत, नृत्य, रैंप वॉक और खेलों से सजे कार्यक्रमों में महिलाओं ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। सजी-धजी महिलाओं के चेहरों पर तीज का पारंपरिक उल्लास और आधुनिक आत्मविश्वास दोनों की झलक देखने को मिली।

Aug 3, 2025 - 22:28
 0
हरियाली तीज पर खिला नारी शक्ति का उल्लास, रंग-बिरंगे आयोजनों में झूमीं महिलाएं
सर्वजातीय महिला महासभा इंद्रधनुष और फाउंडेशन ऑफ डेफ वूमन द्वारा आयोजित हरियाली तीज उत्सव की झलक।

इन्द्रधनुष की ओर से रीगल बैंकट हॉल में रंगारंग तीज उत्सव

सर्वजातीय महिला महासभा इंद्रधनुष की ओर से कारगिल चौराहा स्थित रीगल बैंकट हॉल में हरियाली तीज का आयोजन पारंपरिक गरिमा और उत्साह से संपन्न हुआ। शुभारंभ समाजसेवी मधु बघेल, जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. मंजू भदौरिया और रीना सिंह द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।

राष्ट्रीय अध्यक्ष सुनीता सिंह ने बताया कि तीज की पारंपरिक भावना को ध्यान में रखते हुए सभी महिलाएं हरे परिधानों में सजकर आईं। चुनरी गेम, काजल गेम, माला गेम और 'तीज क्वीन कांटेस्ट' जैसे कार्यक्रमों में महिलाओं ने सक्रिय भागीदारी की। करुणा शाक्य को ‘तीज क्वीन’ का खिताब दिया गया।

संयुक्त सचिव डॉ. नीतू चौधरी ने बताया कि पारंपरिक गीतों और लोक-संगीत की मधुरता से वातावरण उत्सवमय हो गया। महिलाओं ने समूह में गीत गाए और तालबद्ध होकर नृत्य किया। इस अवसर पर अनिता कुशवाह, सुनीता चौधरी, आरती सिंह, अनिता चाहर, नीलम रावत, मोनिका फौजदार, रश्मि भारद्वाज, मधुबाला सिंह, रूबी शाक्य आदि उपस्थित रहीं।

फाउंडेशन ऑफ डेफ वूमन का आयोजन बना समावेशिता का उदाहरण

तीज के अवसर पर फाउंडेशन ऑफ डेफ वूमन द्वारा 3 अगस्त को महाराजा अग्रसेन सेवासदन में भव्य आयोजन किया गया, जिसमें आगरा एसोसिएशन ऒफ डीफ का सहयोग रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ सुश्री मधु बघेल, महापौर हेमलता दिवाकर, नम्रता मिश्रा और मेघना जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया।

तीज महोत्सव में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां, खेलकूद और विशेष रूप से रैंप वॉक का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा। रैंप वॉक में दिल्ली की आशिल प्रथम रनरअप, आगरा की शिवानी द्वितीय रनरअप, और दिल्ली की आकांक्षा तृतीय रनरअप रहीं।

कार्यक्रम में दिल्ली, मथुरा, पंजाब आदि शहरों से लगभग 200 से 250 प्रतिभागियों ने भाग लिया। संस्था की ओर से पूजा जैन, टीना गुप्ता, रश्मि, काजल आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहीं। आयोजकों ने अग्रसेन सेवासदन प्रबंधन के प्रति आभार व्यक्त किया।

SP_Singh AURGURU Editor