शास्त्रीपुरम से मानस नगर तक ज्योति कलश यात्रा का भव्य स्वागत, दीपयज्ञ के साथ विश्राम
आगरा। श्रद्धा, आस्था और भक्ति के संग चल रही ज्योति कलश रथ यात्रा ने विगत दिवस अपने 18वें दिवस पर आगरा के शास्त्रीपुरम, पश्चिमपुरी और शाहगंज क्षेत्र में जन-जन का आशीर्वाद और स्वागत प्राप्त किया। यात्रा विशालकुंज, दहतोरा, वंशीविहार, शेखर रेजीडेंसी, निहारिका कॉलोनी, पुनीत विहार, मारुति रेजीडेंसी, मारुति एस्टेट और मारुति एनक्लेव जैसे कई कॉलोनियों से होते हुए मानस नगर स्थित गायत्री मंदिर पहुंची, जहाँ दीपयज्ञ कर यात्रा का विश्राम हुआ।
यात्रा के दौरान कलश पूजन का क्रम भावपूर्ण रहा। रामसिंह कुम्हावत, नवीन पांडेय, राकेश जिंदल, भारत सिंह, गिरीश लवनियां, शिवांक उपाध्याय और सौरभ जौहरी ने भव्य पुष्पवर्षा और मंत्रोच्चार के साथ कलश का पूजन किया। गायत्री मंदिर पर एस.के. कौशल एवं पुष्पा कौशल ने दीपयज्ञ की पूरी व्यवस्था संभाली।
यात्रा के साथ समर्पण भाव से जुड़े वालंटियर्स में उपजोन समन्वयक सुरेश यादव, जिला समन्वयक सुरेश चंद्र सक्सेना, युवा संयोजक गिरधर गोपाल, अरुण साहू, राजवीर सिंह, भगवान सिंह, तेज सिंह चाहर, कालीचरण शर्मा, एम.एम. शर्मा, सुरेंद्र शर्मा, मोहन सिंह और अजय यादव प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
यात्रा में भक्ति, अनुशासन और जनसमर्पण का दृश्य देखते ही बनता था, जिसमें हर आयु वर्ग के श्रद्धालु सहभागी बने। आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में यात्रा शहर के अन्य प्रमुख क्षेत्रों से होकर गुजरेगी और श्रद्धालुओं को सकारात्मक ऊर्जा से अभिसिंचित करती रहेगी।