राममय हुआ कमला नगर: कावेरी मंदिर में हो रही राम कथा की कलश यात्रा में दिखा सनातन का स्वरूप
आगरा। श्री हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर कावेरी मंदिर कमेटी द्वारा आयोजित नौ दिवसीय श्री राम कथा के शुभारंभ से पहले निकली कलश यात्रा ने कमला नगर क्षेत्र को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। कावेरी कुंज स्थित कावेरी मंदिर से बुधवार को निकली इस विशाल यात्रा में आस्था, उत्साह और सनातन संस्कृति का अद्भुत संगम देखने को मिला।
पीत वस्त्रों में सजी सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर यात्रा की शोभा को कई गुना बढ़ा दिया। पूरे मार्ग में जय श्रीराम के उद्घोष, भक्तिमय भजनों और बैंड-बाजों की गूंज से वातावरण पूरी तरह धर्ममय हो गया। यात्रा की अगुवाई भगवान गणेश जी की भव्य झांकी ने की, जो आकर्षण का केंद्र रही। इसके पीछे राम दरबार, बालाजी महाराज और राधा-कृष्ण की मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।
मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो पूरा शहर आस्था की डगर पर एकजुट होकर चल पड़ा हो।
मंदिर कमेटी के पदाधिकारी एवं आगरा व्यापार मंडल अध्यक्ष टीएन अग्रवाल ने कहा कि श्रीराम कथा भारतीय संस्कृति की आत्मा है, जो जीवन को दिशा और समाज को संस्कार देती है। भगवान श्रीराम का चरित्र त्याग, मर्यादा और कर्तव्य का सर्वोच्च उदाहरण है, जिसे अपनाकर समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।
कन्हैयालाल अग्रवाल और देवेंद्र अग्रवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि श्री राम कथा 26 मार्च से प्रतिदिन दोपहर 3 बजे से सायं 6 बजे तक आयोजित होगी। कथा व्यास के रूप में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त पंडित श्री भगवान भैया जी श्रद्धालुओं को कथा रस का पान कराएंगे।
कार्यक्रम का भव्य समापन 2 अप्रैल को हवन, भंडारा, छप्पन भोग, अलौकिक श्रृंगार और भजन संध्या के साथ किया जाएगा।
इस अवसर पर कन्हैया भटीजा, अतुल बंसल, गिरीश कुमार गुप्ता, राम प्रकाश अग्रवाल, राकेश गर्ग, रोहित केसवानी, अनुराग अग्रवाल, नितिन अग्रवाल, तुषार अग्रवाल, पार्षद हरिओम, आरके श्रोत्रिय, शिवाली अग्रवाल, निधि अग्रवाल, गीता अग्रवाल, रागिनी मित्तल, सुनीता अग्रवाल, निशा अग्रवाल, अंजू सिंह, रेखा, सीमा अग्रवाल, अर्चना अग्रवाल, रिंकल केसवानी, मीना देवी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।