कर्नाटक को नहीं मिली महिला वर्ल्ड कप मैचों की मेजबानी

नई दिल्ली। भारत में होने वाले महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 को लेकर एक बड़ा बदलाव हुआ है। बेंगलुरु में होने वाले मैच अब त्रिवेंद्रम में होने की खबर सामने आई है। क्रिकबज के अनुसार ऐसा इसलिए है क्योंकि कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ (केएससीए) को मैचों की अनुमति नहीं मिल पाई। आईसीसी जल्द ही इस बारे में घोषणा कर सकता है। बेंगलुरु को फाइनल समेत पांच मैच मिलने थे लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। खबर है कि आईसीसी को शेड्यूल में भी बदलाव करना पड़ सकता है।

Aug 12, 2025 - 21:30
 0
कर्नाटक को नहीं मिली महिला वर्ल्ड कप मैचों की मेजबानी


दरअसल, बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में कुछ मैच होने थे। इनमें भारत का 30 सितंबर को होने वाला पहला मैच भी शामिल था। लेकिन 4 जून को आरसीबी की जीत के बाद हुई दुखद घटना के कारण चीजें बदल गईं। उस घटना में 11 लोगों की जान चली गई थी। इसके बाद राज्य सरकार ने शहर में क्रिकेट मैचों को लेकर सख्त रवैया अपनाया।  
 
माना जा रहा था कि पाकिस्तान के फाइनल में पहुंचने की संभावना कम है इसलिए फाइनल मैच भी बेंगलुरु में ही होगा। नियमों के अनुसार पाकिस्तान के सभी मैच न्यूट्रल वेन्यू पर खेले जाने हैं। इसलिए कोलंबो को चुना गया। अगर पाकिस्तान फाइनल में पहुंचता है, तो मैच कोलंबो में होगा।

केएससीए  के अधिकारियों ने इस पर कुछ नहीं कहा है।  बीसीसीआई के सूत्रों के अनुसार चिन्नास्वामी स्टेडियम के मैच अब दूसरी जगह कराए जाएंगे। हैदराबाद और त्रिवेंद्रम इसके लिए संभावित जगहें हैं। खबर है कि केरल को मैच मिलने की संभावना ज्यादा है। चेन्नई भी एक विकल्प हो सकता था, लेकिन टीएनसीए ने बीसीसीआई को बताया कि स्टेडियम में दिसंबर तक मरम्मत का काम चलेगा।

बेंगलुरु में होने वाले मैचों में इंग्लैंड-दक्षिण अफ्रीका (3 अक्टूबर) और भारत-बांग्लादेश (26 अक्टूबर) के मैच भी शामिल थे। इनके अलावा दो नॉकआउट मैच भी वहां होने थे।