खामेनेई का हाल सद्दाम हुसैन जैसा होगा- इजरायल
तेल अवीव। मिडिल ईस्ट में जारी जंग के बीच इजरायल ने ईरान के सभी परमाणु ठिकानों को नष्ट करने की कसम खाई है। पहले इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू और अब रक्षा मंत्री इजरायल कात्ज ने ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई को धमकी दी है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता खामेनेई का हाल इराक के पूर्व तानाशाह सद्दाम हुसैन की तरह हो सकता है।
'खामेनेई को ईरान के लोग ही फांसी पर लटकाएंगे
एक रिपोर्ट के मुताबिक इजरायल के रक्षा मंत्री ने कहा, "खामेनेई को ईरान के लोग ही फांसी पर लटकाएंगे। याद रखिए ईरान के पड़ोसी देश इराक में तानाशाह के खिलाफ क्या हुआ था। वह भी इजरायल के खिलाफ था।"
इराक के तानाशाह सद्दाम हुसैन पर अलग-अलग मामलों में हजारों लोगों को मारने का आरोप था। हालंकि उन्हें 1982 के दुजैल नरसंहार के तहत 148 शिया मुस्लिमों की हत्या के आरोप में फांसी दी गई थी। अमेरिका के नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से 2003 में सत्ता से हटाए जाने के बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया था।
इजरायल खामेनेई की हत्या करने वाला था- यूएस का दावा
इजरायल के रक्षा मंत्री का बयान ऐसे समय में आया है जब ऐसी खबरें सामने आ रही हैं कि इजरायल खामेनेई की हत्या करने वाला था, लेकिन अमेरिका ने उसे ऐसा करने से रोक दिया। ट्रंप प्रशासन बार-बार कह रहा है कि युद्ध में बड़े राजनीति रसूख रखने वाले किसी व्यक्ति की हत्या से बात और बिगड़ सकती है।
ट्रंप ने कहा- तेहरान के लोग खाली कर दें इलाका
जी-7 के सदस्य देशों ने इजरायल का समर्थन करते हुए कहा कि उसे अपनी रक्षा करने का पूरा अधिकार है। ट्रंप जी-7 शिखर सम्मेलन को बीच में छोड़कर अमेरिका पहुंचे और ईरान की राजधानी तेहरान को खाली करने की चेतावनी दे डाली। उन्होंने दावा किया कि ईरान परमाणु हथियार बनाने के करीब है। ट्रंप ने दो टूक कहा कि ईरान को परमाणु हथियार बनाने की जिद छोड़नी होगी।