कृतिका कामरा और गौरव कपूर 11 मार्च को करेंगे शादी, घर पर ही होगी शादी, शाम में रिसेप्शन

पॉपुलर टीवी एक्ट्रेस कृतिका कामरा 11 मार्च को गौरव कपूर संग शादी करने जा रही हैं। शादी की डेट का ऐलान हो चुका है और वेडिंग वेन्यू से लेकर रिसेप्शन पार्टी तक की डिटेल्स सामने आई हैं। कृतिका ने गौरव संग रिश्ता दिसंबर में ऑफिशियल किया था।

Feb 20, 2026 - 17:42
 0
कृतिका कामरा और गौरव कपूर 11 मार्च को करेंगे शादी, घर पर ही होगी शादी, शाम में रिसेप्शन

मुंबई। पॉपुलर टीवी एक्ट्रेस कृतिका कामरा और गौरव कपूर की शादी की चर्चा काफी समय से चल रही है और अब उनकी शादी की तारीख का ऐलान किया जा चुका है। कृतिका 11 मार्च को क्रिकेट कमेंटेटर और मंगेतर गौरव कपूर से शादी करेंगी। कृतिका और गौरव पहले एक्टर के घर रजिस्टर मैरिज करेंगे और फिर अगले दिन मुंबई में एक आलीशान जश्न रखा जाएगा। कृतिका और गौरव के परिवार से जुड़े एक सोर्स ने कपल की शादी को लेकर अहम डिटेल्स दी हैं।

सोर्स ने 'बॉम्बे टाइम्स' को बताया कि अपनी निजी जिंदगी को संजोकर रखने की चाहत को ध्यान में रखते हुए, कृतिका कामरा और गौरव कपूर 11 मार्च को मुंबई में गौरव के घर पर एक निजी समारोह में शादी करेंगे। यह रजिस्टर्ड मैरिज होगी, जिसमें परिवार के करीबी सदस्य होंगे। इसके बाद करीबी परिवार और दोस्तों के साथ एक निजी समारोह रखा जाएगा।

सोर्स ने आगे बताया कि 12 मार्च को गौरव कपूर और कृतिका कामरा एक और पार्टी रखेंगे, जिसमें दोनों के परिवार-रिश्तेदार शामिल होंगे, फिर शाम को एक बड़ी पार्टी रखी जाएगी, जिसमें बॉलीवुड और क्रिकेट जगत की हस्तियां भी शामिल होंगी। यह पार्टी गौरव और कृतिका की पर्सनैलिटी और पसंद के हिसाब से होगी। सोर्स ने बताया कि कपल ने अपनी शादी को आलीशान और भव्य पैमाने पर करने के बजाय पर्सनल और इमोशनल टच के साथ करने का फैसला किया है। गौरव और कृतिका परंपराओं का सम्मान करते हैं, पर साथ ही चाहते हैं कि उनकी शादी जश्न ऐसा हो, जो उनकी सादगी और अपनेपन को दर्शाए।

कृतिका और गौरव कपूर ने दिसंबर 2025 में अपना रिलेशनशिप ऑफिशियल किया था। तब कृतिका ने गौरव संग ब्रेकफस्ट डेट की तस्वीरें शेयर की थीं, जिनमें उनके साथ गौरव कपूर थे। इसके बाद से दोनों पब्लिकली खूब साथ में नजर आ रहे हैं और फैंस उनकी जोड़ी पर खूब प्यार लुटा रहे हैं। गौरव दिल्ली के रहने वाले हैं। वह क्रिकेट कमेंटेटर ही नहीं, बल्कि टीवी प्रेजेंटर और एक्टर भी हैं। उन्होंने कई फिल्में भी की हैं, जिनमें 'डरना मना है', 'राम गोपाल वर्मा की आग', 'अगली और पगली' और 'ए वेन्सडे', 'क्विक गन मुरुगन', 'चला मुसद्दी ऑफिस ऑफिस' और 'काय पो छे!' जैसे नाम शामिल हैं।

जहां कृतिका कामरा की यह पहली शादी होगी, वहीं गौरव कपूर की दूसरी। उन्होंने पहली शादी साल 2014 में एक्ट्रेस और मॉडल किरत भट्टल से की थी। दोनों की लव मैरिज थी, पर साल 2021 में उनका तलाक हो गया। अब गौरव 11 मार्च को कृतिका कामरा संग शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं।