केआरएस टी-20 का रोमांच चरम पर: पुलिस वॉरियर्स और सीएमओ इलेवन की दमदार जीत

आगरा। सी न्यूज द्वारा आयोजित केआरएस टी-20 क्रिकेट चैम्पियनशिप (सीजन-2) के अंतर्गत रविवार को एक से बढ़कर एक रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दिन के पहले मैच में डिफेंडिंग चैम्पियन आगरा पुलिस वॉरियर्स ने एडीए इलेवन को 18 रन से पराजित किया, जबकि दूसरे मुकाबले में सीएमओ इलेवन ने जीएसटी रॉयल्स को 96 रन के बड़े अंतर से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर ली।

Feb 15, 2026 - 22:10
 0
केआरएस टी-20 का रोमांच चरम पर: पुलिस वॉरियर्स और सीएमओ इलेवन की दमदार जीत
मैन ऑफ द मैच योगेश मालन को पुरस्कार देते आगरा पुलिस वारियर्स के कप्तान शैलेश पांडे। साथ में डीसीपी सिटी अली अब्बास, डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा, सी न्यूज़ डायरेक्टर चक्रेश जैन सी न्यूज़ चैनल हेड विजय बघेल और विनोद जूनियर।

पुलिस वॉरियर्स बनाम एडीए इलेवन: 18 रन की रोमांचक जीत

पहले मुकाबले में आगरा पुलिस वॉरियर्स के कप्तान डीआईजी शैलेष पांडे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। उनके साथ पारी की शुरुआत डीसीपी सिटी सैय्यद अली अब्बास ने की, लेकिन एडीए इलेवन की सधी हुई गेंदबाजी के सामने पुलिस टीम की शुरुआत लड़खड़ा गई। सैय्यद अली अब्बास (6 रन), डीसीपी वेस्ट अतुल शर्मा (5 रन), कप्तान शैलेष पांडे ने (16 रन) बनाए।

पहले 10 ओवर में टीम 53 रन पर 3 विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद योगेश मलान और मोहित प्रजापति ने पारी को संभालते हुए आक्रामक रुख अपनाया। योगेश मलान: 62 रन (32 गेंद, 7 चौके, 3 छक्के), मोहित प्रजापति ने नाबाद 45 रन (32 गेंद, 5 चौके, 1 छक्का) और अमित चौहान ने पांच गेंद में 10 रन बनाए।

पुलिस वॉरियर्स ने 20 ओवर में 5 विकेट पर 184 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। एडीए इलेवन की ओर से शुभम ने 2 विकेट, जबकि राहिल और रिंकू ने 1-1 विकेट लिया।

एडीए इलेवन की जवाबी पारी

एडीए इलेवन ने विकेटकीपर बल्लेबाज दिव्यांशु की तेज बल्लेबाजी से जोरदार शुरुआत की। पावर प्ले में टीम लगभग 70 रन तक पहुंच गई, लेकिन दिव्यांशु के रन आउट होते ही पारी लड़खड़ा गई। अंत में तमाम कोशिशों के बावजूद एडीए इलेवन लक्ष्य से 18 रन दूर रह गई।
पुलिस वॉरियर्स की ओर से दीपक ने 3 ओवर में 14 रन देकर 2 विकेट, योगेश मलान ने 4 ओवर में 22 रन देकर एक विकेट और शैलेष पांडे ने एक विकेट लिया।  हरफनमौला प्रदर्शन के लिए योगेश मलान को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

सीएमओ इलेवन बनाम जीएसटी रॉयल्स: 96 रन की बड़ी जीत

दूसरे मुकाबले में जीएसटी रॉयल्स ने टॉस जीतकर सीएमओ इलेवन को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। सीएमओ की शुरुआत भले ही लड़खड़ाई, लेकिन इसके बाद जो तूफान आया उसने मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया।

डॉ. गौरव और आदित्य सिंह की विस्फोटक साझेदारी ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। डॉ. गौरव: 105 रन (58 गेंद, 15 चौके, 2 छक्के), आदित्य सिंह: 55 रन (37 गेंद, 9 चौके), तन्मय खुराना: 40 रन (16 गेंद, 4 चौके, 2 छक्के) से योगदान दिया।

सीएमओ इलेवन ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 243 रन जुटाए, जो टूर्नामेंट का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर रहा। जीएसटी की ओर से विनोद यादव (2 विकेट) और कपिल कुमार (1 विकेट) सफल रहे।

जीएसटी रॉयल्स की पारी

लक्ष्य का पीछा करते हुए जीएसटी रॉयल्स की टीम शुरुआत के बाद स्पिन जाल में फंसती चली गई। रजत शर्मा ने 53 रन (43 गेंद), कप्तान अखंड प्रताप सिंह ने 4 रन, डिप्टी कमिश्नर प्रदीप कुमार ने एक रन बनाए। पूरी टीम 9 विकेट पर 147 रन ही बना सकी और मुकाबला 96 रन से हार गई।
सीएमओ इलेवन की ओर से डॉ. बीपी सिंह ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट (14 रन) झटके।

इस मैच में शतकीय पारी के लिए डॉ. गौरव को मैन ऑफ द मैच चुना गया। सीएमओ अरुण श्रीवास्तव खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते नजर आए।

दोनों मुकाबलों के खिलाड़ियों को सी न्यूज के डायरेक्टर चक्रेश जैन द्वारा गिफ्ट देकर सम्मानित किया गया। मैच देखने के लिए पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री रवींद्र शुक्ल और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री डॉ. रामबाबू हरित भी स्टेडियम पहुंचे। अंपायरिंग की जिम्मेदारी अतुल सोलंकी और हरेंद्र शर्मा ने निभाई, जबकि स्कोरर विवेक रहे। आंखों देखा हाल विनोद जूनियर, विजय बघेल, राकेश कनौजिया और चक्रेश जैन ने सुनाया।

SP_Singh AURGURU Editor