केआरएस टी-20 टूर्नामेंटः रजत की तूफानी बल्लेबाज़ी और स्पिनर्स का जाल- ईपीएफओ सुपरजाइंट्स ने आईटी सुपरस्टार्स को नौ रनों से किया धराशायी
आगरा। सीन्यूज द्वारा एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम में आयोजित केआरएस टी-20 टूर्नामेंट का चौथा मुकाबला शनिवार को जबरदस्त रोमांच से भरपूर रहा। कड़े संघर्ष वाले इस मैच में ईपीएफओ सुपरजाइंट्स ने आईटी सुपरस्टार्स को नौ रनों से हराकर टूर्नामेंट में जीत के साथ दमदार आगाज़ किया। मैच के हीरो रहे रजत चतुर्वेदी, जिन्होंने 63 रनों की शानदार पारी खेलकर मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया।
इस मुकाबले की मुख्य अतिथि केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल की धर्मपत्नी मधु बघेल रहीं। मैच का आनंद लेने के लिए एसकेडी पब्लिक स्कूल और एसजीएस नर्सिंग स्कूल के छात्र-छात्राएं भी स्टेडियम में बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी, रजत का अर्धशतक
शनिवार सुबह तेज धूप के बीच ईपीएफओ सुपरजाइंट्स के कप्तान मुकेश मीना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फैसला लिया। आईटी सुपरस्टार्स के गेंदबाज़ों ने कसी हुई गेंदबाज़ी और चुस्त फील्डिंग का प्रदर्शन करते हुए ईपीएफओ के बल्लेबाज़ों को खुलकर खेलने नहीं दिया।
इसके बावजूद रजत चतुर्वेदी ने 42 गेंदों में 10 चौकों की मदद से 63 रन बनाकर पारी को संभाले रखा। कप्तान मुकेश मीना ने 15 गेंदों में छह चौकों के साथ 26 रन बनाए। प्रतुल ने 18 रन (14 गेंद, 2 चौके) और अंकित ने 10 रनों का योगदान दिया।
पूरी टीम 20 ओवर में 141 रन पर ऑलआउट हो गई। आईटी सुपरस्टार्स की ओर से शैलेष सिंह ने तीन ओवर में 26 रन देकर चार विकेट, जबकि दीपक पचौरी ने चार ओवर में एक मेडन सहित दो विकेट झटके। कमल और नितीश जायसवाल को एक-एक विकेट मिला।
142 रन के लक्ष्य का पीछा, स्पिनर्स ने पलटा मैच
142 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आईटी सुपरस्टार्स की टीम ने तेज शुरुआत की। ओपनर्स ने पावरप्ले का पूरा फायदा उठाते हुए छह ओवर में ही 60 रन जोड़ दिए।
दीपक पचौरी ने 19 गेंदों में चार चौकों के साथ 25 रन बनाए, जबकि रवि चतुर्वेदी ने 28 गेंदों में तीन चौके और दो छक्कों की मदद से 30 रन जोड़े।
हालांकि, जैसे ही ईपीएफओ के स्पिनर्स आक्रमण पर आए, मैच का रुख बदल गया। मुकेश मीना और शिवम शर्मा ने अगले चार ओवर में तीन विकेट लेकर रनगति पर ब्रेक लगा दिया। इसके बाद आईटी की पारी पटरी पर नहीं लौट सकी।
आईटी की ओर से देव मीना ने 16 गेंदों में 19 रन और अजीत सिंह ने 17 रन बनाए, लेकिन धीमी बल्लेबाज़ी टीम पर भारी पड़ी। पूरी टीम 20 ओवर में 132 रन पर सिमट गई।
ईपीएफओ सुपरजाइंट्स की ओर से शिवम शर्मा ने चार ओवर में 17 रन देकर तीन विकेट, सुभाष कुमार ने दो विकेट, जबकि मुकेश मीना ने किफायती गेंदबाज़ी करते हुए एक विकेट लिया। शानदार फील्डिंग के चलते आईटी सुपरस्टार्स के तीन बल्लेबाज़ रनआउट भी हुए।
गौरतलब है कि पिछले टूर्नामेंट में ईपीएफओ सुपरजाइंट्स की टीम अपने सभी तीन लीग मैच हारकर आठवें स्थान पर रही थी, लेकिन इस बार टीम ने जीत के साथ टूर्नामेंट में मजबूत वापसी की है।
सम्मान और रंगारंग समापन
केआरएस ग्रुप के आगरा हेड मनमोहन सिंह ने मैन ऑफ द मैच रजत चतुर्वेदी को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। मैच का आंखों देखा हाल विजय बघेल और विनोद जूनियर ने सुनाया। चक्रेश जैन ने अतिथियों का स्वागत किया। मैच के अंपायर अतुल सोलंकी और हरेंद्र शर्मा रहे, जबकि विवेक कौशिक ने स्कोरर की भूमिका निभाई। रंगारंग समापन समारोह में आरजे अखलाक हुसैन और अवनीश पचौरी की गायकी ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।