मथुराः पटरियों पर दौड़ती अगस्त क्रांति एक्सप्रेस में गिरी ज़िंदगी: टिकट चेक करने के बाद बैठे टीटी धीरज कुमार अचानक सीट से लुढ़क गये, ह्रदयाघात से हुई मौत

अगस्त क्रांति एक्सप्रेस में मंगलवार को उस वक्त खलबली मच गई, जब टिकट चेक करते हुए टीटी धीरज कुमार चलती ट्रेन में अचानक सीट से नीचे गिर पड़े। साथी टीटी ने तत्काल उन्हें सीपीआर देकर जान बचाने की कोशिश की, लेकिन सारे प्रयास विफल रहे। धीरज कुमार की मौत हार्ट अटैक से हुई। कोसीकलां स्टेशन पर ट्रेन को रोककर उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस हृदय विदारक घटना से रेलवे कर्मियों और यात्रियों में शोक फैल गया।

Dec 9, 2025 - 20:42
 0
मथुराः पटरियों पर दौड़ती अगस्त क्रांति एक्सप्रेस में गिरी ज़िंदगी: टिकट चेक करने के बाद बैठे टीटी धीरज कुमार अचानक सीट से लुढ़क गये, ह्रदयाघात से हुई मौत
कोसीकलां में टीटी धीरज कुमार को अस्पताल ले जाते उनके सहकर्मी।

मथुरा। मुंबई से हजरत निजामुद्दीन, दिल्ली की ओर जा रही अगस्त क्रांति एक्सप्रेस में टिकट चेक कर रहे टीटी धीरज कुमार (निवासी—वलसाड़, गुजरात) की मंगलवार सुबह हार्ट अटैक से मौत हो गई। रोज की तरह वे अपने ड्यूटी साथियों के साथ हंसी-मज़ाक करते हुए ट्रेन में अपने कार्य को अंजाम दे रहे थे।

सूत्रों के मुताबिक, ट्रेन के मथुरा जंक्शन से आगे बढ़ने और छाता स्टेशन पार करने के बाद धीरज कुमार यात्रियों की टिकटें जांचकर अपने साथियों के पास आकर बैठ गए। बातचीत करते समय अचानक उनके हाथ से मोबाइल गिरा और कुछ ही सेकंड में वह स्वयं भी सीट से नीचे लुढ़क गए। यह देखकर सहकर्मियों में हड़कंप मच गया।

साथी टीटी तुरंत समझ गए कि उन्हें हार्ट अटैक आया है। किसी ने तुरंत सीपीआर देना शुरू किया, जबकि दूसरे ने गार्ड को आपात स्थिति की सूचना दी। लगभग तीन किलोमीटर आगे स्थित कोसीकलां स्टेशन पर ट्रेन को रोक दिया गया।

स्टेशन मास्टर राजू मीणा और आरपीएफ के अनुज सिंह ने उन्हें तत्काल नीचे उतारकर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जीआरपी ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

टीटी धीरज कुमार की मौत की खबर से पूरा स्टाफ दुखी हो गया। साथी कर्मचारी कुछ देर पहले उनके साथ की हंसी-मजाक याद कर भावुक हो उठे। भारी मन से ट्रेन को फिर से निजामुद्दीन की ओर रवाना किया गया।

अचानक ट्रेन रुकने और लंबे समय तक खड़े रहने से यात्रियों में बेचैनी फैल गई। कई यात्री नीचे उतरकर कारण पूछते रहे। बाद में जब ट्रेन रुकने की वजह पता चली तो यात्री भी अफसोस जताते नजर आए।

SP_Singh AURGURU Editor