डीईआई में लोहड़ी पर्व की धूम, सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों से गूंजा परिसर
लोहड़ी के पावन पर्व पर दयालबाग एजुकेशनल इंस्टिट्यूट (डीईआई) में उत्साह, अनुशासन और परंपरा का अनूठा संगम देखने को मिला। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा आयोजित भव्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी ने परिसर को उत्सव के रंगों से भर दिया।
आगरा। दयालबाग एजुकेशनल इंस्टिट्यूट (डीईआई) की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई द्वारा लोहड़ी के उपलक्ष्य में सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। संस्थान की परंपराओं के अनुरूप अनुशासन और सुव्यवस्था को प्राथमिकता देते हुए कार्यक्रम अलग-अलग स्थानों पर आयोजित किए गए।

छात्रों के लिए संस्थान के मुख्य स्टेडियम में विशाल अलाव जलाकर लोहड़ी पर्व मनाया गया, जबकि छात्राओं के लिए जूनियर एवं सीनियर गर्ल्स हॉस्टल में पारंपरिक गीत-संगीत और नृत्यों के साथ उत्सव का आनंद लिया गया।
संस्थान के डायरेक्टर प्रो. सी. पटवर्धन एवं रजिस्ट्रार प्रो. संजीव स्वामी ने कार्यक्रम में गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई। उन्होंने अलाव प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और उपस्थित छात्र-छात्राओं को लोहड़ी के आध्यात्मिक एवं सामाजिक महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि लोहड़ी नई फसल के आगमन, आपसी भाईचारे, सामूहिक उल्लास और अंधकार पर प्रकाश की विजय का प्रतीक है।
कार्यक्रम को सफल और सुव्यवस्थित बनाने में संस्थान के वरिष्ठ पदाधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्यक्रम संयोजक डॉ. अशोक जांगिड़, सांस्कृतिक समन्वयक डॉ. संजय सैनी एवं डॉ. रश्मि श्रीवास्तव, तथा डॉ. कविता कुमार के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने लोक नृत्य, लोक गीत और भांगड़ा प्रस्तुत कर वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
समापन अवसर पर एनएसएस समन्वयक डॉ. सुनेश्वर प्रसाद ने मुख्य अतिथियों, शिक्षकों और स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी को लोहड़ी की शुभकामनाएं देते हुए समाज सेवा और सामूहिक सहभागिता के मार्ग पर निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को रेवड़ी, गजक और मूंगफली का प्रसाद वितरित किया गया।