68वीं नेशनल शूटिंग में चयनित मानवी राणा का ननिहाल रोजोली में ढोल-नगाड़ों संग भव्य स्वागत
किरावली (आगरा)। मेहनत, लगन और निशाने की सटीकता से गांव की बेटी ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। दिल्ली में हो रही 68वीं राष्ट्रीय शूटिंग प्रतियोगिता में क्वालीफाई करने वाली 18 वर्षीय निशानेबाज मानवी राणा के रोजोली पहुंचने पर पूरे गांव ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। फूल-मालाओं, शॉल और जयघोष के बीच गांव की गलियों में परिक्रमा कर मानवी का अभिनंदन किया गया।
दिल्ली के डॉ करणी सिंह शूटिंग रेंज में 11 दिसंबर से 4 जनवरी तक आयोजित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में चयनित होकर मानवी ने क्षेत्र और परिवार का नाम रोशन किया है। मानवी, बमरौली कटारा निवासी शम्मी राणा की पुत्री हैं और वर्तमान में 12वीं कक्षा की छात्रा हैं। खेल के प्रति उनकी विशेष रुचि रही है और कम उम्र में ही उन्होंने उत्कृष्ट प्रतिभा का परिचय दिया है।
मानवी का ननिहाल रोजोली में मास्टर दिगंबर सिंह के यहां है। जैसे ही मानवी गांव पहुंचीं, पूरे गांव के लोग एकत्र हो गए। ढोल-नगाड़ों के साथ गांव भ्रमण कराया गया और जगह-जगह स्वागत हुआ। यह दृश्य गांव के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक बन गया।
इस अवसर पर किसान नेता मुकेश डागुर भी रोजोली पहुंचे। उन्होंने मानवी का सम्मान करते हुए कहा कि ग्रामीण प्रतिभाएं देश का भविष्य हैं। उन्होंने मानवी के उज्ज्वल भविष्य की कामना की और आगे भी हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
गांव प्रधान केशव सिंह चाहर, नंबरदार विक्रम सिंह, दशरथ पहलवान, गजराज पहलवान, हंसराज पहलवान, डॉ. दीपेंद्र सिंह, वीरपाल सिंह चाहर, डॉ. मोहित चाहर, सदन सिंह इंदौलिया, हार्दिक राणा, डॉ. जसराम सिंह, मैनेजर तेजवीर सिंह नौहवार, अनिल राणा, रजत राणा, ओमवीर सिंह छोंकर, प्रधान विनोद नौहवार सहित अनेक गणमान्य लोगों ने मानवी को माला पहनाकर और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
मानवी राणा की यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बन गई है। गांव की बेटी के राष्ट्रीय मंच तक पहुंचने से यह संदेश गया कि प्रतिभा संसाधनों की मोहताज नहीं होती, बल्कि संकल्प और परिश्रम से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
Bottom of Form