एडीए के महाबली का दो अवैध कॉलोनियों पर बरपा क़हर, कर दिया सब कुछ तहस-नहस
आगरा। एडीए की प्रवर्तन टीम के महाबली ने आज बरौली अहीर और रोहता-ग्वालियर रोड पर अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रहीं दो कॉलोनियों को ध्वस्त कर दिया। महाबली ने अपने पंजे से सड़कें उखाड़ फैंकी और दीवारें ढहा दीं।
एडीए की प्रवर्तन टीम मय दलबल के सबसे पहले रोहता-ग्वालियर रोड पर क़रीब 2.25 बीघे में लाखन सिंह और राजकुमार द्वारा अनाधिकृत रूप से विकसित की जा रही कॉलोनी में जा धमकी। टीम के साथ गए महाबली ने एक एक कर सभी निर्माणों को तहस-नहस कर दिया।
विकासकर्ताओं ने पूरी ज़मीन पर बाउंड्रीवाल कराने के साथ ही अंदर सीसी रोड और विद्युत् पोल लगा रखे थे। महाबली ने सीसी रोड उखाड़ने के साथ ही बाउंड्रीवाल को तहस-नहस कर दिया और विद्युत पोल भी धराशायी कर दिए।
कार्रवाई को अंजाम देने के बाद टीम बरौली अहीर पहुँची। यहां ब्लाक ऑफिस के पीछे अजय यादव, जितेंद्र कुमार यादव और राकेश यादव द्वारा खसरा संख्या 627 व 629 की 25000 वर्ग मीटर ज़मीन पर एमके टाउन नाम से अनाधिकृत रूप से कॉलोनी विकसित की जा रही थी।
एडीए के महाबली ने कॉलोनी की सड़कों और बाउंड्रीवाल को ध्वस्त कर दिया। टीम में प्रवर्तन अनुभाग के सहायक और अवर अभियंता शामिल थे।