आगरा के ओल्ड ईदगाह कॊलोनी जैन मंदिर में महामस्तकाभिषेक और भक्तामर महाअर्चना, आचार्य संघ का कमला नगर जैन मंदिर में मंगल प्रवेश

आगरा। आगरा में गुरुवार को जैन धर्म के दो प्रमुख धार्मिक आयोजनों ने श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण को नई ऊर्जा प्रदान की। एक ओर ओल्ड ईदगाह कॉलोनी स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर में महा मस्तकाभिषेक एवं भक्तामर महाअर्चना महोत्सव भव्यता के साथ संपन्न हुआ, वहीं दूसरी ओर कमला नगर स्थित श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में परम्पराचार्य आचार्य श्री सौभाग्यसागर महाराज एवं आचार्य श्री सुरत्नसागराचार्य महाराज ससंघ का मंगल प्रवेश हुआ। दोनों आयोजनों में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने शामिल होकर धर्म लाभ अर्जित किया।

Jul 23, 2026 - 21:13
 0
आगरा के ओल्ड ईदगाह कॊलोनी जैन मंदिर में महामस्तकाभिषेक और भक्तामर महाअर्चना, आचार्य संघ का कमला नगर जैन मंदिर में मंगल प्रवेश
ओल्ड ईदगाह जैन मंदिर में गुरुवार को आयोजित महामस्तकाभिषेक और भक्तामर महाअर्चना की एक झलक।

ओल्ड ईदगाह जैन मंदिर में महामस्तकाभिषेक और भक्तामर महाअर्चना से गूंजा परिसर

मुनि समत्व सागर जी मुनिराज ससंघ के पावन सानिध्य में गुरुवार को श्री पार्श्वनाथ दिगंबर जैन मंदिर, ओल्ड ईदगाह कॉलोनी में महा मस्तकाभिषेक एवं भक्तामर महाअर्चना महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ आयोजित किया गया।

प्रातःकाल सौभाग्यशाली भक्तों द्वारा भगवान पार्श्वनाथ की अति प्राचीन प्रतिमा का संगीतमय महामस्तकाभिषेक कलशों के माध्यम से किया गया। इसके बाद दोपहर 2 बजे संगीतमय श्री भक्तामर महाअर्चना का आयोजन हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

विधानाचार्य कवि हृदय विकर्ष शास्त्री ने मधुर संगीत और भावपूर्ण प्रस्तुति के साथ विधान संपन्न कराया। इस दौरान मंदिर परिसर भक्तामर स्तोत्र, मंगलाचरण और जिनेंद्र भक्ति से गुंजायमान रहा।

सकल दिगंबर जैन महिला समाज, ओल्ड ईदगाह कॉलोनी के तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में समाज के विभिन्न वर्गों की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली।

इस अवसर पर अपने मंगल प्रवचनों में मुनि समत्व सागर जी महाराज ने कहा कि मनुष्य जीवन का वास्तविक सौंदर्य धर्म, संयम और सदाचार में निहित है। भगवान जिनेंद्र की आराधना केवल अनुष्ठानों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे आत्मचिंतन, करुणा, क्षमा और त्याग के रूप में जीवन में उतारना चाहिए।

महोत्सव के दौरान नॉर्थ ईदगाह जैन समाज ने मुनिसंघ के समक्ष श्रीफल भेंटकर मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया। समाजजनों ने मुनिश्री के चरणों का प्रक्षालन कर शास्त्र भेंट किए। शाम को श्रद्धालुओं ने भगवान पारसनाथ की मंगल आरती की।

मीडिया प्रभारी शुभम जैन ने बताया कि मुनिसंघ का 24 जुलाई को प्रातः 7 बजे ओल्ड ईदगाह जैन मंदिर से नॉर्थ ईदगाह कॉलोनी जैन मंदिर के लिए मंगल विहार होगा।

इस अवसर पर अमित जैन बॉबी, सोनू जैन मीटर, अतुल जैन, अशोक जैन, राजेश सेठी, दीपक जैन, चक्रेश जैन, आशीष जैन, सनी जैन, विनीत जैन सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, युवा और महिला मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

कमला नगर जैन मंदिर में आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज ससंघ का भव्य मंगल प्रवेश

परम्पराचार्य आचार्य श्री सौभाग्यसागर जी महाराज एवं स्थविर संत आचार्य श्री सुरत्नसागराचार्य जी महाराज ससंघ का गुरुवार प्रातः श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, डी ब्लॉक कमला नगर में बैण्ड बाजों के साथ भव्य मंगल प्रवेश हुआ।

मंगल प्रवेश के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु पदविहार में शामिल हुए। पूरे मार्ग में धर्म जयघोष से वातावरण भक्तिमय हो गया। विभिन्न स्थानों पर समाजजनों ने आचार्यश्री का भावपूर्ण स्वागत और वंदन किया।

मंदिर परिसर पहुंचने पर आचार्य संघ ने मंदिर में विराजमान सभी प्रतिमाओं के दर्शन किए। इसके बाद आचार्यश्री ने श्रद्धालुओं को मंगल प्रवचन देते हुए कहा कि मानव जीवन का वास्तविक उद्देश्य आत्मशुद्धि और आध्यात्मिक उन्नति है।

उन्होंने समाजजनों को आपसी प्रेम, एकता और धार्मिक संस्कारों के संरक्षण के लिए प्रेरित किया। आचार्यश्री ने कहा कि धर्म का मार्ग व्यक्ति को आत्मिक शांति और जीवन में श्रेष्ठ विचारों की ओर ले जाता है।

इस अवसर पर समाज के प्रमुख लोगों में मनोज जैन बाकलीवाल, जगदीश प्रसाद जैन, पवन जैन, कुमार मंगलम जैन, नरेश जैन, शुभम जैन सहित अनेक श्रद्धालुओं ने आचार्यश्री के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया।

SP_Singh AURGURU Editor