नकली दवा सिंडिकेट पर बड़ा एक्शन, विवेक आगरा कोर्ट में पेश, राजा से सीबीसीआईडी की पूछताछ जारी
आगरा। आगरा में सामने आए नकली दवा कांड में पुलिस और जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इस बहुचर्चित मामले में कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमे के नामजद आरोपी विवेक को बुधवार को आगरा कोर्ट में पेश किया गया। कानूनी औपचारिकताओं के बाद विवेक को आज ही पुदुचेरी वापस भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
कोतवाली में दर्ज मुकदमे का नामजद आरोपी विवेक को आज पुदुचेरी वापस भेजे जाने की तैयारी
पूछताछ के बाद राजा को ट्रांजिट रिमांड पर आगरा लाने की योजना
अमान–मीनाक्षी फार्मा सहित 14 कंपनियों के लाइसेंस रद्द
आगरा। आगरा में सामने आए नकली दवा कांड में पुलिस और जांच एजेंसियों की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इस बहुचर्चित मामले में कोतवाली थाने में दर्ज मुकदमे के नामजद आरोपी विवेक को बुधवार को आगरा कोर्ट में पेश किया गया। कानूनी औपचारिकताओं के बाद विवेक को आज ही पुदुचेरी वापस भेजे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
विवेक के साथ ही इस सिंडिकेट का मुख्य चेहरा माने जा रहे राजा इस समय पुदुचेरी में सीबीसीआईडी (क्राइम ब्रांच–सीआईडी) की हिरासत में है। जांच एजेंसियां राजा से नकली दवाओं की सप्लाई चेन, निर्माण इकाइयों, फर्जी लाइसेंस और अंतरराज्यीय नेटवर्क को लेकर गहन पूछताछ कर रही हैं। सूत्रों के अनुसार पूछताछ पूरी होने के बाद राजा को ट्रांजिट रिमांड पर आगरा लाने की तैयारी की जा रही है, ताकि यहां दर्ज मुकदमों में उससे सीधे पूछताछ की जा सके।
जांच में यह भी सामने आया है कि लूपिन कंपनी की नकली दवाओं के मामले में पुदुचेरी में राजा और विवेक ने पहले आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद जांच का दायरा बढ़ा और फार्मा सेक्टर में बड़े पैमाने पर अनियमितताओं का खुलासा हुआ।
कार्रवाई के तहत पुदुचेरी प्रशासन और ड्रग कंट्रोल विभाग ने अमान–मीनाक्षी फार्मा समेत कुल 14 दवा कंपनियों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। इन कंपनियों पर नकली अथवा मानकों के विपरीत दवाओं के निर्माण और सप्लाई का आरोप है।
उल्लेखनीय है कि इस मामले में पहले गिरफ्तार आरोपी एके राणा अभी भी आगरा जेल में बंद है। पुलिस का कहना है कि जैसे-जैसे पूछताछ आगे बढ़ेगी, सिंडिकेट से जुड़े अन्य नामों का भी खुलासा हो सकता है और आगे और गिरफ्तारियां संभव हैं।