कोर्ट में मल्लिकार्जुन खड़गे के मामले में सुनवाई चार जनवरी को होगी
आगरा। शहर के अधिवक्ता गगन शर्मा द्वारा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विरुद्ध मुकदमा चलाने के लिए कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र पर चार जनवरी 2025 को सुनवाई होगी।
शिकायतकर्ता गगन शर्मा एडवोकेट के प्रार्थना पत्र पर एमपी-एमएलए कोर्ट ने थाना न्यू आगरा से रिपोर्ट मांगी थी कि मालिकाजुन खड़गे के विरुद्ध थाने पर कोई मुकदमा तो दर्ज नहीं है। इस पर न्यू आगरा थाने की ओर से कोर्ट में रिपोर्ट दाखिल कर जानकारी दी गई है कि अधिवक्ता गगन शर्मा द्वारा कोर्ट में की गई शिकायत के संबंध में विपक्षी मल्लिकार्जुन खड़गे के विरुद्ध थाने में कोई मुकदमा दर्ज नहीं है।
ज्ञातव्य है कि अधिवक्ता गगन शर्मा ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के विरुद्ध उनके इस बयान पर मुकदमा दर्ज कराने को प्रार्थना पत्र दिया है, जिसमें उन्होंने विगत एक दिसंबर 2024 को दिल्ली के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली में कहा था कि मैं स्वयं शिवजी के 12 ज्योतिर्लिंगों में से एक मल्लिकार्जुन हूं। अधिवक्ता गगन शर्मा का कहना है कि मल्लिकार्जुन खड़गे ने स्वयं की तुलना भगवान शिव से करके उनकी भावनाएं आहत की हैं।
थाना न्यू आगरा की रिपोर्ट आने के बाद इस मामले पर कोर्ट में इसलिए सुनवाई नहीं हो सकी क्योंकि शिकायतकर्ता के अधिवक्ता बाहर होने के कारण कोर्ट में नहीं आ सके थे। इस पर कोर्ट ने सुनवाई की अगली तारीख 4 जनवरी नियत की है।