फिटनेस वर्ल्ड का नया आइकन: इंटरनेशनल जज बने मनीष कश्यप, युवाओं के लिए मिसाल
हिमाचल प्रदेश के रामपुर बुशहर के साधारण परिवार से निकलकर अंतरराष्ट्रीय फिटनेस मंच पर अपनी पहचान बनाने वाले मनीष कश्यप आज युवाओं के लिए प्रेरणा बन गए हैं। फिटनेस की दुनिया में अपनी मेहनत और जुनून से अलग पहचान बनाने वाले मनीष ने विश्व फिटनेस महासंघ (WFF) में अंतरराष्ट्रीय जज की योग्यता हासिल कर देश का नाम वैश्विक स्तर पर रोशन किया है।
-चंद्रकांत पाराशर-
दिल्ली। फिटनेस क्षेत्र में निरंतर उत्कृष्ट कार्य कर रहे जिम13 के संस्थापक मनीष कश्यप ने अपनी अद्भुत उपलब्धि से न केवल हिमाचल प्रदेश बल्कि पूरे भारत को गौरवान्वित किया है। वे इस वर्ष विश्व फिटनेस महासंघ (डब्ल्यूडब्ल्यूएफ) में इंटरनेशनल जज के रूप में क्वालीफाई करने वाले चुनिंदा भारतीयों में शामिल हुए हैं।
इस उपलब्धि का औपचारिक प्रमाण पत्र उन्हें मई माह में मुंबई के बाल गंधर्व रंग मंदिर, बांद्रा (वेस्ट) में आयोजित भव्य समारोह में डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंटरनेशनल के विश्व अध्यक्ष ग्रीम लांसफ़ील्ड के हाथों प्रदान किया गया था। लांसफ़ील्ड स्वयं एक प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय बॉडीबिल्डर हैं, जिन्होंने एनएबीबीए मास्टर्स मिस्टर यूनिवर्स 1991 और मिस्टर ऑस्ट्रेलिया 1978 जैसे खिताब अपने नाम किए थे।
संघर्षों के बीच पनपा एक सपना
मनीष कश्यप बचपन से ही फिटनेस मॉडल बनने का सपना देखते थे। लेकिन शिमला जिले के रामपुर बुशहर में मध्यमवर्गीय परिवार में जन्मे मनीष के लिए यह सफर आसान नहीं था। सीमित आर्थिक साधन, अवसरों की कमी और मार्गदर्शन की अनुपलब्धता जैसी चुनौतियों ने कई बार रास्ता रोका, लेकिन उनकी दृढ़ता ने हार नहीं मानी। समर्पण, अनुशासन और फिटनेस के प्रति जुनून ने उन्हें उस मुकाम पर पहुंचाया जहां आज भी वे खुद को एक सीखने वाला छात्र मानते हैं।
2016 से फिटनेस आंदोलन के सक्रिय अगुवा
वर्ष 2016 से मनीष हिमाचल प्रदेश में जिला व राज्य स्तर पर बॉडीबिल्डिंग और फिटनेस प्रतियोगिताएँ आयोजित करके युवाओं को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक करने का अभियान चला रहे हैं। उनके कार्यक्रमों का उद्देश्य सिर्फ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाओं में फिटनेस की संस्कृति को मजबूत करना है।
राष्ट्रीय मंच पर बड़ी जिम्मेदारी- 'मिस्टर इंडिया' और 'मिस इंडिया'
अपनी फिटनेस यात्रा को नया आयाम देते हुए मनीष पहली बार राष्ट्रीय स्तर की मिस्टर इंडिया और मिस इंडिया प्रतियोगिता आयोजित करने जा रहे हैं। यह भव्य आयोजन 14–15 दिसंबर को पंचकूला-चंडीगढ़ स्थित इंद्रधनुष ऑडिटोरियम में होगा। इस प्रतियोगिता में देशभर से टॉप एथलीटों, बॉडीबिल्डरों और फिटनेस मॉडलों के भाग लेने की उम्मीद है।
मनीष का कहना है कि मेरा उद्देश्य केवल फिटनेस को बढ़ावा देना नहीं, बल्कि युवाओं को अनुशासन, संयम और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
उनकी यह उपलब्धि न केवल प्रदेश बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है। फिटनेस जगत में उनका बढ़ता प्रभाव और निरंतर योगदान आने वाली पीढ़ियों के लिए मजबूत प्रेरणा स्रोत बन चुका है।