गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी वर्ष की संपूर्णता पर आगरा से दिल्ली तक निकलेगी तिलक-जनेऊ रक्षक यात्रा, 29 नवंबर को गुरु का ताल से होगा प्रस्थान

आगरा। सिख धर्म के नौवें गुरु श्री गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज के 350वें शहीदी वर्ष की संपूर्णता के अवसर पर आगरा से दिल्ली तक विशाल तिलक-जनेऊ रक्षक यात्रा निकाली जाएगी। 29 नवंबर, रविवार को सुबह नौ बजे गुरुद्वारा गुरु का ताल से शुरू होने वाली यह यात्रा दिल्ली के चांदनी चौक स्थित ऐतिहासिक गुरुद्वारा शीशगंज साहिब पर संपन्न होगी। गुरुद्वारा गुरु का ताल और दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के संयुक्त आयोजन में निकलने वाली इस यात्रा में आगरा और दिल्ली की संगत बड़ी संख्या में शामिल होगी। यात्रा में गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज की विशेष पालकी, गुरु महाराज के शस्त्र, चरण पादुकाएं और अन्य ऐतिहासिक निशानियां भी श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ शामिल रहेंगी।

Nov 28, 2026 - 23:49
 0
गुरु तेग बहादुर साहिब के 350वें शहीदी वर्ष की संपूर्णता पर आगरा से दिल्ली तक निकलेगी तिलक-जनेऊ रक्षक यात्रा, 29 नवंबर को गुरु का ताल से होगा प्रस्थान
-गुरुद्वारा माईथान के दर्शन करती दिल्ली की संगत।

यात्रा में शामिल होने के लिए शनिवार शाम से ही दिल्ली की संगत का आगरा पहुंचना शुरू हो गया था। दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से लगभग 20 बसों और 100 कारों का काफिला देर रात तक गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुंच गया। बाहर से आई संगत के ठहरने और अन्य व्यवस्थाएं गुरुद्वारा परिसर में की गई हैं। रविवार सुबह नौ बजे आगरा और दिल्ली की संयुक्त संगत पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन के रूप में दिल्ली के लिए रवाना होगी।

यात्रा में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी महाराज का स्वरूप विशेष पालकी में सुशोभित रहेगा। इसके साथ गुरु महाराज के शस्त्र, चरण पादुकाएं और अन्य ऐतिहासिक निशानियां विशेष वाहन में सजाकर लाई गई हैं, जिनके दर्शन संगत कर सकेगी।

दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्य आत्मा सिंह लुबाना, जसविंदर सिंह जस्सा, अवतार सिंह और गोकुल सिंह सहित कई पदाधिकारी गुरुद्वारा गुरु का ताल पहुंचे। गुरुद्वारा गुरु का ताल के मुखी संत बाबा प्रीतम सिंह जी ने आगरा की संगत से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने की अपील की।

इससे पहले दिल्ली से आई संगत और कमेटी के पदाधिकारी गुरु तेग बहादुर साहिब जी महाराज से जुड़े ऐतिहासिक गुरुद्वारा माईथान भी पहुंचे। यहां उन्होंने माथा टेककर गुरु महाराज के खुदवाए ऐतिहासिक कुएं के दर्शन किए। गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने संगत को इसके इतिहास की जानकारी दी। इस अवसर पर प्रधान कवलदीप सिंह ने सिरोपा भेंटकर दिल्ली से आई संगत का सम्मान किया।

गुरुद्वारा गुरु का ताल के मीडिया प्रभारी जसबीर सिंह ने बताया कि दिल्ली पहुंचने वाली आगरा की संगत के रात्रि विश्राम के लिए गुरुद्वारा शीशगंज साहिब में विशेष व्यवस्था की गई है। विशाल यात्रा में शामिल संगत सोमवार को आगरा वापस लौटेगी।

SP_Singh AURGURU Editor