प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता का जन्मदिन, सौ बालिकाओं को शिक्षण सामग्री दी

आगरा। कैप्टन शुभम फाउंडेशन और आगरा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन के संयुक्त तत्वावधान में शुक्रवार को कैप्टन शुभम गुप्ता मेट्रो स्टेशन पर शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता का जन्मदिन प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया गया। आयोजन में शौर्य, सेवा और समर्पण की भावना का संगम देखने को मिला।

Oct 10, 2025 - 11:42
 0
प्रेरणा दिवस के रूप में मनाया शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता का जन्मदिन, सौ बालिकाओं को शिक्षण सामग्री दी
शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के जन्मदिन पर शिक्षण सामग्री प्राप्त करने वाली कस्तूरबा गांधी विद्यालय की बालिकाओं के साथ अतिथिगण।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता के चित्र पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पण से हुई। श्रद्धासुमन अर्पित करने वालों में कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन, विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, पुरुषोत्तम खंडेलवाल, एमएलसी विजय शिवहरे, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, समाजसेवी पूरन डावर और उद्यमी गोपाल गुप्ता शामिल रहे।

कैबिनेट मंत्री बेबीरानी मौर्य ने कहा कि शुभम ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी में आतंकियों से लोहा लेते हुए जो सर्वोच्च बलिदान दिया, वह हर युवा के लिए प्रेरणास्त्रोत है। पहले शुभम एक परिवार का बेटा था, अब वह पूरे आगरा का बेटा बन गया है।

बालिकाओं को शिक्षण सामग्री भेंट, दीपोत्सव और बरसी कार्यक्रम की घोषणा

शुभम के पिता एडवोकेट बसंत गुप्ता और माता पुष्पा गुप्ता ने बताया कि जन्मदिन पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की करीब सौ बालिकाओं को शिक्षण सामग्री व स्कूल बैग भेंट किए गए।

उन्होंने बताया कि 20 अक्टूबर (छोटी दिवाली) को शुभम गुप्ता मेमोरियल स्मारक पर दीपोत्सव का आयोजन होगा। वहीं, 22 नवम्बर को शुभम की दूसरी बरसी पर सूरसदन में गोल्ड मेडलिस्ट बाबा सत्यनारायण मौर्य लाइव शहीदों की चित्रकारी प्रस्तुत करेंगे।

शौर्य को नमन, वीरता को श्रद्धांजलि

कार्यक्रम में भारत विकास परिषद की सभी शाखाओं के सदस्यों ने पुष्प अर्पण कर शहीद शुभम की स्मृति को नमन किया। कार्यक्रम का संचालन धर्म गोयल मित्तल ने किया और धन्यवाद ज्ञापन डॉ. केशव दत्त गुप्ता ने दिया।

इस अवसर पर नागेंद्र गामा, सुनील विकल, डॉ. कैलाश सारस्वत, रवि प्रकाश अग्रवाल, योगेश कंसल, वीरेंद्र सिंघल, भोला पंडित, प्रमोद सिंघल, उमेश बंसल, अशोक गुप्ता, भूपेंद्र ठाकुर, राजवीर सिंह, विनोद सर्राफ, अतुल गुप्ता, राजू गोयल, वंदना अग्रवाल, अंजू सिंघल, राजीव खंडेलवाल, पुष्पेंद्र सिसोदिया, मुकेश मित्तल, रोहित जैन, तपन अग्रवाल, राजेश गोयल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor