आगरा के बाह क्षेत्र में दीवार गिरने से राजमिस्त्री की मौत, वृद्ध पर हमला कर बकरियां लूट ले गये अज्ञात लोग

आगरा। बाह थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर दो घटनाएं सामने आई हैं। एक ओर निर्माण कार्य के दौरान दीवार गिरने से गंभीर रूप से घायल मजदूर की इलाज के दौरान मौत हो गई, वहीं दूसरी ओर बकरी चराते समय एक वृद्ध के साथ मारपीट कर अज्ञात लोग उसकी दो बकरियां उठाकर ले गए। दोनों ही मामलों में पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए जांच शुरू कर दी है।

Jan 11, 2026 - 22:10
 0
आगरा के बाह क्षेत्र में दीवार गिरने से राजमिस्त्री की मौत, वृद्ध पर हमला कर बकरियां लूट ले गये अज्ञात लोग
बाह क्षेत्र के रजपुरा गांव में दीवार गिरने से मजदूर की मौत के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच पड़ताल करती हुई।

निर्माण कार्य के दौरान दीवार गिरने से मजदूर की मौत

बाह थाना क्षेत्र के रजपुरा गांव में सीढ़ियों की झिरी काटने के दौरान अचानक दीवार गिर गई। दीवार के मलबे में दबकर एक मजदूर सत्यवीर पुत्र महाराज सिंह (36 वर्ष) निवासी इमली का पुरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से घायल मजदूर को तत्काल आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि निर्माण कार्य में लापरवाही तो नहीं बरती गई थी। मृतक राजमिस्त्री था।

बकरी चराते वृद्ध से मारपीट, दो बकरियां लूट ले गये

दूसरी घटना बाह थाना क्षेत्र के मढेपुरा नहर पुलिया के पास की है, जहां बकरी चराते समय 65 वर्षीय वृद्ध गंगादीन पुत्र रतिराम के साथ अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट कर दी। मारपीट के बाद आरोपी वृद्ध की दो बकरियां भी उठाकर ले गए।
घायल अवस्था में वृद्ध किसी तरह थाने पहुंचा और घटना की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्काल वृद्ध का मेडिकल कराया, जहां से उसकी गंभीर चोटों को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है।

SP_Singh AURGURU Editor