फरीदाबाद की केमिकल फैक्ट्री में लगी भीषण आग, 35 लोग झुलसे, बचाव का काम जारी
दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद जिले से बड़ी खबर है। जिले के मुजेसर थाना क्षेत्र के सेक्टर 24 में सोमवार शाम को एक फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो पुलिसकर्मी समेत 35 से अधिक कर्मचारी झुलस गए। बताया गया है कि कंपनी में मेटल शीट कटिंग का काम होता है।
फरीदाबाद। दिल्ली से सटे हरियाणा के फरीदाबाद जिले से बड़ी खबर है। जिले के मुजेसर थाना क्षेत्र के सेक्टर 24 में सोमवार शाम को एक केमिकल फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। इस हादसे में दो पुलिसकर्मी समेत 35 से अधिक कर्मचारी झुलस गए। सभी घायलों में से 12 को बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है जबकि बाकी 23 को नजदीक के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो की हालत गंभी बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना सोमवार शाम चार बजे के बाद की है। बताया गया है कि फैक्ट्री में मेटल शीट कटिंग का काम होता है। इसके लिए सीएनसी मशीनें लगी हैं। शाम के समय जब कर्मचारी काम कर रहे थे। तभी वहां रखे एक केमिकल ड्रम में अचानक धमाका हो गया। इसके बाद एक के बाद एक कई ड्रम फटते चले गए। इससे आग लग गई और कर्मचारियों में अफरातफरी मच गई।
बताया गया है कि आग की भयावहता इतनी थी कि बाहर खड़े कई वाहन भी उसकी चपेट में आ गए। इसमें कार, बाइक, जेसीबी और हाइड्रा शामिल हैं। मौके पर राहत और बचाव का काम जारी है। दमकल विभाग की कई टीमें आग बुझाने में लगी हुई हैं।
सीएमओ डॉ जयंत आहूजा ने बताया कि इस हादसे में सभी घायलों में से 12 को बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा 23 घायलों को नजदीक के प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है।