26 जनवरी को ताजगंज में विराट हिंदू सम्मेलन, संत-महंतों और प्रबुद्धजनों का होगा महाजुटान

आगरा। धर्म, संस्कृति, सामाजिक समरसता और राष्ट्र चेतना को सशक्त करने के उद्देश्य से ताजगंज क्षेत्र में आयोजित होने जा रहे विराट हिंदू सम्मेलन को लेकर वातावरण उत्साह और जागरण से भर उठा है। गुरुवार को सकल हिन्दू समाज की ओर से सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन ताज पश्चिम गेट स्थित होटल सिद्धार्थ में विधिवत रूप से किया गया।

Jan 22, 2026 - 21:06
 0
26 जनवरी को ताजगंज में विराट हिंदू सम्मेलन, संत-महंतों और प्रबुद्धजनों का होगा महाजुटान
ताजगंज में 26 जनवरी को होने वाले विराट हिंदू सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन करते आयोजक।

कार्यक्रम के अध्यक्ष सूरज प्रकाश दत्त एवं समिति अध्यक्ष जानकी नाथ कपूर ने बताया कि 26 जनवरी को आयोजित होने वाला यह विराट हिंदू सम्मेलन ताजगंज क्षेत्र में सामाजिक एकता और सांस्कृतिक चेतना का नया अध्याय लिखेगा। सम्मेलन में संत-महंत, धर्माचार्य, प्रबुद्ध नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता एवं युवा वर्ग बड़ी संख्या में भाग लेंगे। इस अवसर पर धर्म, संस्कृति, शिक्षा, सामाजिक समरसता एवं राष्ट्र निर्माण से जुड़े ज्वलंत विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया जाएगा।

सम्मेलन के सह संयोजक भारत गौड़ ने बताया कि यह विराट हिंदू सम्मेलन ताजगंज के कसरेट बाजार, दखनाई गेट क्षेत्र में आयोजित किया जाएगा, जिसका उद्देश्य हिंदू समाज को सकारात्मक दिशा देना, आपसी एकता को मजबूत करना और सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करना है।

मीडिया प्रभारी राजू गोयल ने जानकारी दी कि सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ब्रज प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र मुख्य वक्ता के रूप में मार्गदर्शन देंगे, जबकि महंत योगेश पुरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहकर अपने उद्बोधन से समाज को दिशा देंगे। सम्मेलन में हिंदू समाज के संगठन, सांस्कृतिक मूल्यों की रक्षा तथा आने वाली पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने पर विशेष जोर दिया जाएगा।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम के दौरान मदन वर्मा, रितु अग्रवाल, संजीव अग्रवाल, आनंद पोरवाल, सिद्धार्थ अरोड़ा, योगेश वर्मा, शिवसिंह, केशव वशिष्ट, राजू कोहली, राजेंद्र अग्रवाल, केशव सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को लेकर ताजगंज क्षेत्र में व्यापक जनसंपर्क और तैयारियां तेज़ी से जारी हैं।

SP_Singh AURGURU Editor