‘माटी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान में हरित उत्सव और स्वदेशी मिट्टी की मूर्तिकला अपनाने पर जोर
नई दिल्ली/बरेली। ‘माटी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान के तहत रविवार को राजधानी दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के कार्यपालक निदेशक बकुल लाड़ ने नमिता सिंह को पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दिलाया। नमिता सिंह ने पर्यावरण की रक्षा के साथ स्वदेशी मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को प्रोत्साहित करने और हरित उत्सव की परंपरा अपनाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम के दौरान नमिता सिंह को अभियान से संबंधित प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया। प्रमाण-पत्र में उल्लेख किया गया कि उन्होंने ‘माटी गणेश–सिद्ध गणेश’ अभियान के अंतर्गत पर्यावरण संरक्षण, स्वदेशी मिट्टी की मूर्तिकला के समर्थन और हरित उत्सव की परंपरा अपनाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की है।
पर्यावरण-अनुकूल गणेश प्रतिमाओं पर जोर
अभियान का उद्देश्य पर्यावरण-अनुकूल मिट्टी की गणेश प्रतिमाओं को बढ़ावा देना और लोगों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना है। कार्यक्रम में स्वदेशी मिट्टी की मूर्तिकला को प्रोत्साहित करने तथा पर्यावरण-अनुकूल तरीके से गणेश उत्सव मनाने पर जोर दिया गया।