पश्चिमपुरी रोड निर्माण की गड़बड़ी पर मेयर ने सीएम योगी से की शिकायत, थर्ड पार्टी जांच की मांग
आगरा। हेमा पेट्रोल पंप से पश्चिमपुरी चौराहे तक हुए कथित सड़क निर्माण गड़बड़ी का मामला सोमवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंच गया। आगरा दौरे पर आए मुख्यमंत्री को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह ने प्रकरण की लिखित शिकायत दी और थर्ड पार्टी जांच की मांग की।
महापौर सोमवार सुबह पश्चिमपुरी रोड पर जांच करने पहुंचीं और काम रुकवाते हुए कहा कि सड़क निर्माण की गड़बड़ी को अंजाम तक पहुंचाएंगी। उन्होंने सवाल उठाया कि जब कागजों में नाले, सड़क और इंटरलॉकिंग पूरा दिखाया गया है तो यह मरम्मत कार्य किस अनुमति और किस मद से किया जा रहा है।
गौरतलब है कि वर्ष 2023-24 में नगर निगम ने इस मार्ग पर सड़क और इंटरलॉकिंग का कार्य कराया था। गड़बड़ी की जानकारी सामने आने के बाद महापौर ने जांच कमेटी गठित की, जिसमें पार्षदों और नगर निगम अधिकारियों को शामिल किया गया। कमेटी ने रिपोर्ट में अधिकारियों द्वारा सहयोग न करने, रिकॉर्ड उपलब्ध न कराने और स्थलीय जांच में खामियां मिलने का उल्लेख करते हुए थर्ड पार्टी जांच की संस्तुति की है।