गीता का संदेश, जीवन का प्रकाश: 'जिओ गीता परिवार' आगरा इकाई का गठन

आगरा। धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना की भूमि आगरा में सोमवार को एक नवीन अध्यात्मिक जागरण का शुभारंभ हुआ, जब महामंडलेश्वर स्वामी ज्ञानानंद महाराज के सान्निध्य में 'जिओ गीता परिवार – आगरा इकाई' का विधिवत गठन हुआ। अवागढ़ हाउस में आयोजित गीता गोष्ठी में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, संतजन और समाजसेवी उपस्थित रहे।

Jul 14, 2025 - 18:26
 0
गीता का संदेश, जीवन का प्रकाश: 'जिओ गीता परिवार' आगरा इकाई का गठन
अवागढ़ हाउस में आयोजित गीता गोष्ठी में पधारे महामंडलेश्वर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज से आशीर्वाद लेते मनोज अग्रवाल, मनीष अग्रवाल, सुजाता अग्रवाल, अनंत उपाध्याय आदि।

इस अवसर पर गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद ने कहा कि भगवद्गीता केवल ग्रंथ नहीं, जीवन जीने की कला है। यह चरित्र निर्माण, आत्मबोध और संतुलित दृष्टिकोण का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को गीता पढ़ो, गीता पढ़ाओ और गीता को जन-जन तक पहुंचाओ' का संकल्प लेना चाहिए।

स्वामी जी ने कहा कि गीता के संदेश को गृहस्थ जीवन, शिक्षा, चिकित्सा और समाज सेवा के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना होगा। उन्होंने युवाओं को विशेष रूप से प्रेरित करते हुए कहा कि गीता जीवन को दिशा देती है और उन्हें संस्कारयुक्त बनाने में सहायक है।

इस अवसर पर 'जिओ गीता परिवार, आगरा' के पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। सुरेश अग्रवाल को अध्यक्ष, मनोज अग्रवाल को प्रधान तथा पीयूष श्रीवास्तव को सचिव नियुक्त किया गया।

स्वामी जी ने निर्देश दिया कि गीता प्रचार हेतु विशेष अभियान विद्यालयों में चलाया जाए और विभिन्न सामाजिक आयोजनों में गीता के प्रशिक्षण सत्र, सत्संग और गोष्ठियां आयोजित की जाएं।

कार्यक्रम में मनीष अग्रवाल, महंत अनंत उपाध्याय (सीताराम मंदिर, वजीरपुर), महंत सोहेल अग्रवाल (दरिया नाथ मंदिर), सुझाता अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, विमल गोयल, गौरव अग्रवाल सहित अनेक श्रद्धालु मौजूद रहे। सबने स्वामी ज्ञानानंद जी महाराज से आशीर्वाद प्राप्त कर गीता मिशन को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

SP_Singh AURGURU Editor