आगरा के पिनाहट में दो बाइकों की भिड़ंत में अधेड़ की मौत, दूसरी बाइक छोड़कर युवक फरार
पिनाहट। आगरा-बाह मार्ग पर पूजा पब्लिक स्कूल के पास मंगलवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में दोनों सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को पिनाहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां से गंभीर हालत में दिनेश शर्मा (50) को हायर सेंटर रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
गांव हुसैनपुरा निवासी दिनेश शर्मा (50) पुत्र रामहेत शर्मा मंगलवार शाम बाइक से भदरौली जा रहे थे। पूजा पब्लिक स्कूल के पास सामने से बाह की ओर जा रहे चौसिंगी निवासी अरुण (35) पुत्र किशन लाल की बाइक से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को पिनाहट सीएचसी पहुंचाया। दिनेश की हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
हादसे की सूचना के बाद दिनेश के परिजनों में कोहराम मच गया। पत्नी मंजू देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। एसीपी पिनाहट अनिल कुमार ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया गया है।