बरेली में खनन माफिया ने की सरकारी टीम को कुचलने की कोशिश, एक्शन में आई पुलिस ने 40 वाहन सीज किये, 24 गिरफ्तार, 42 नामजदों पर संगीन धाराओं में मुकदमा

-रमेश कुमार सिंह- बरेली। जनपद के बहेड़ी थाना क्षेत्र में खनन माफिया की बेशर्मी और दबंगई ने कानून व्यवस्था को खुली चुनौती दे दी। अवैध खनन और ओवरलोडिंग के खिलाफ कार्रवाई करने पहुंची सरकारी टीम पर ट्रक चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश की गई। हालात इतने भयावह हो गए कि मौके पर मौजूद अफसरों और कर्मचारियों को इधर-उधर कूदकर जान बचानी पड़ी। इस सनसनीखेज घटना के बाद पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए 37 ओवरलोड ट्रक और 3 अन्य वाहन सीज किए हैं, जबकि 24 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में 42 नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Jan 16, 2026 - 19:24
 0
बरेली में खनन माफिया ने की सरकारी टीम को कुचलने की कोशिश, एक्शन में आई पुलिस ने 40 वाहन सीज किये, 24 गिरफ्तार, 42 नामजदों पर संगीन धाराओं में मुकदमा
बरेली जिले के बहेड़ी थाने में बैठे गिरफ्तार अभियुक्त।

ट्रकों से हमला, बैरिकेडिंग तोड़ी

क्षेत्राधिकारी बहेड़ी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि यह घटना 15 जनवरी की है। खनन अधिकारी मनीष कुमार की तहरीर पर बहेड़ी थाने में धारा 109/324(4)/121(1)/131/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। रिपोर् में कहा गया है कि चेकिंग के दौरान बिना खनन प्रपत्रों के दौड़ रहे ओवरलोड ट्रकों को रोकने का प्रयास किया गया, तभी ट्रक चालकों ने एकजुट होकर सरकारी टीम पर गाड़ियां चढ़ाकर जान से मारने की कोशिश की। माफियाओं ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और कई ट्रक मौके से फरार हो गए।

उपनिरीक्षक घायल, अफसर बाल-बाल बचे

खनन अधिकारी मनीष कुमार ने पुलिस को दूरभाष पर अवगत कराया कि सभी वाहन बिना खनन कागजात के थे और चेकिंग के दौरान जान से मारने की नीयत से ट्रक चढ़ाए गए। टीम के सदस्यों ने किसी तरह इधर-उधर कूदकर अपनी जान बचाई, जबकि उपनिरीक्षक कृष्णपाल को गंभीर चोटें आईं। इसके बाद माफिया ट्रक लेकर फरार हो गए।

पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़े ट्रक

सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी बहेड़ी और खनन अधिकारी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक थाना बहेड़ी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई शुरू की।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक शिव कुमार मिश्रा, दिनेश कुमार राणा, धर्मेन्द्र पंवार, राजू कुमार, ज्ञानवीर सिंह, दीवान सरजीत सिंह, सिपाही संदीप कुमार, सिपाही विशेष खोखर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। बैरियर लगाकर कई ट्रकों को रोका गया, हालांकि ट्रक चालक और हेल्पर वाहन छोड़कर फरार हो गए।

24 गिरफ्तार, 40 वाहन सीज

फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए शुक्रवार को विशेष अभियान चलाया गया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक धर्मेन्द्र सिंह, उपनिरीक्षक वंशराज सिंह, धर्मेन्द्र पंवार, अनुप सिंह, अवधेश कुमार, यशपाल सिंह, समरपाल सिंह और महिला सिपाही दीपशिखा सहित पुलिस बल ने नवीन मंडी, कस्बा बहेड़ी क्षेत्र से 24 वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया।
इस दौरान 37 ओवरलोड ट्रक और 3 अन्य वाहन बरामद कर धारा 207 मोटर व्हीकल एक्ट में सीज किए गए।

खनन माफिया पर कसा शिकंजा

पुलिस के इस बड़े एक्शन से खनन माफिया में हड़कंप मचा हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में दबिशें दी जा रही हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकारी टीम पर हमला किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

SP_Singh AURGURU Editor