विधायक डॉ. धर्मेश बने कार्यकर्ताओं की आवाज, पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा

आगरा। छावनी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक एवं पूर्व मंत्री डॉ. जीएस धर्मेश का आगरा पुलिस की कार्यशैली पर ग़ुबार यूँ ही नहीं निकला है। प्रशासनिक और पुलिस की कार्यशैली को लेकर डॉ. धर्मेश ही नहीं बीजेपी के ज्यादातर विधायक व नेता क्षुब्ध हैं। बस अंतर यह है कि डॉ. धर्मेश ने इसके ख़िलाफ़ मुँह खोल दिया है, जबकि अन्य हिम्मत नहीं जुटा पा रहे हैं।

Sep 24, 2024 - 15:27
 0
विधायक डॉ. धर्मेश बने कार्यकर्ताओं की आवाज, पुलिस के खिलाफ खोला मोर्चा
डॉ. जीएस धर्मेश

डॉ. धर्मेश ने पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के खिलाफ सारे साक्ष्य एकत्रित कर लिए हैं। अब वह इनको लेकर मुख्यमंत्री से मिलेंगे और पुलिस अधिकारियों के ख़िलाफ़ कार्रवाई का आग्रह करेंगे। डॉ. धर्मेश द्वारा आवाज़ उठाए जाने से आम कार्यकर्ता उत्साहित है। उनको लग रहा है कि कोई तो जनप्रतिनिधि उनकी आवाज बनकर सामने आया। वे अब अन्य विधायकों से भी इसी तरह की उम्मीद कर रहे हैं। 
डॉ. धर्मेश ने भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ कार्यवाही और ग़ैर ज़मानती वारंटियों को थाने से छोड़े जैसे मुद्दों पर मुखर होते हुए कहा कि आगरा पुलिस कमिश्नरेट नहीं बल्कि कमीशन रेट है। 
डॉ. धर्मेश का कहना है कि उन्होंने उच्चाधिकारियों से इन सबको लेकर बात की पर कोई परिणाम न देख अब मुख्यमंत्री से ही सीधे बात करने का निर्णय लिया है। पुलिस कार्यकर्ताओं की नहीं सुन रही है। थानों पर माफियाओं का राज है। वह अब चुप नहीं बैठेंगे।
गौरतलब है कि डॉ. धर्मेश पूर्व में स्मार्ट सिटी के तहत कराए गए विकास कार्यों में भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भी मुखर हुए थे। शासन ने उनकी ही शिकायत पर स्मार्ट सिटी के प्रभारी अभियंता को हटाने का आदेश जारी किया था।

SP_Singh AURGURU Editor