श्रावण मास और बल्केश्वर मेले की तैयारियों को लेकर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल की मेयर से वार्ता
आगरा। श्रावण मास की शुरुआत से पहले बल्केश्वर महादेव मेले की व्यवस्थाओं को लेकर विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने महापौर हेमलता दिवाकर से वार्ता की। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
-परिक्रमा मार्ग गड्ढा मुक्त करने, स्ट्रीट लाइट और सफाई व्यवस्था पर ध्यान देने का आग्रह
विधायक खंडेलवाल ने कहा कि बल्केश्वर क्षेत्र में आयोजित बल्केश्वर महादेव मेले में भारी संख्या में श्रद्धालु भाग लेते हैं। इस दौरान चारों महादेवों की परिक्रमा का विशेष धार्मिक महत्व होता है। ऐसे में परिक्रमा मार्ग को समतल व सुरक्षित बनाया जाए। उन्होंने मेयर से कहा कि सड़क के गड्ढों की मरम्मत करने के साथ ही स्ट्रीट लाइटों की दुरुस्त करा ली जाएं। समुचित सफाई व्यवस्था का भी ध्यान रखा जाए।
विधायक खंडेलवाल ने कहा कि 11 जुलाई से श्रावण मास आरंभ हो रहा है, जो शिवभक्तों के लिए सबसे पवित्र मास माना जाता है। इस दौरान शहर के विभिन्न शिव मंदिरों और धार्मिक स्थलों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं।
उन्होंने महापौर से आग्रह किया कि भक्तों के लिए अपेक्षित सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। महापौर ने आश्वस्त किया कि मेले से पूर्व सभी कार्य कराए जाएंगे।