आगरा में रोटरी क्लब ऑफ आगरा के स्वास्थ्य शिविर में 500 से अधिक मरीजों को मिला उपचार
आगरा। जनकल्याण की भावना को साकार करते हुए रोटरी क्लब ऑफ आगरा ने रविवार को एसडीएम जूनियर हाई स्कूल, आगरा कैंट परिसर में एक वृहद नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया। यह आयोजन अटल चौक सेवा समिति एवं आगरा कैंट प्री-पेड ऑटो टैक्सी ड्राइवर यूनियन के सहयोग से सम्पन्न हुआ, जिसमें 500 से अधिक मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की देखरेख में चिकित्सा सेवाएं प्रदान की गईं।
शिविर में डॉ. शिव कुमार शर्मा, डॉ. विशाल शर्मा (सामान्य रोग), डॉ. गोविन्द शर्मा (हड्डी रोग), डॉ. काव्या शर्मा (स्त्री रोग), डॉ. राहुल सिंह (नेत्र रोग), डॉ. दीपक गुप्ता एवं डॉ. शिखा गुप्ता (बाल रोग), तथा डॉ. विभोर तिवारी (दंत रोग) ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। प्रत्येक मरीज को निःशुल्क परामर्श के साथ दवाइयाँ एवं डेंटल किट वितरित की गईं।
रोटरी क्लब ऑफ आगरा की अध्यक्ष रोटेरियन नम्रता पणिकर ने बताया कि इस शिविर का मुख्य उद्देश्य आमजन को स्वास्थ्य सेवाएं सुलभ कराना है। गोयल सिटी हॉस्पिटल के सहयोग से ब्लड शुगर व ब्लड प्रेशर की निःशुल्क जाँच भी की गई।
कार्यक्रम में सेवा देने वाले सभी चिकित्सकों को क्लब के उपाध्यक्ष रोटेरियन जीतेन्द्र जैन, क्लब ट्रेनर रोटेरियन राजीव लोचन भारद्वाज, व रोटेरियन दिगम्बर सिंह धाकरे द्वारा सम्मानित किया गया। व्यवस्थाओं का समुचित संचालन रोटेरियन सृष्टि जैन एवं रोटेरियन मनोज आर. कुमार ने किया।
इस पुनीत कार्य को सफल बनाने में अटल चौक सेवा समिति के अध्यक्ष डी.पी. राठौर एवं वार्ड 36 के पार्षद राकेश कन्नौजिया का विशेष सहयोग रहा। शिविर की समाप्ति पर यूनियन महामंत्री अनिल शर्मा ने रोटरी क्लब एवं समस्त चिकित्सकों का हृदय से आभार व्यक्त किया।