मथुरा के लिए निकलने से पहले ही रोक दिए गए सांसद सुमन, पुलिस ने घर में किया नजरबंद

आगरा। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन को सोमवार सुबह उस समय नजरबंद कर दिया गया। आगरा पुलिस ने यह कार्रवाई तब की जब वह मथुरा के भूरेका गांव में एक पीड़ित दलित परिवार से मिलने के लिए घर से निकलने की तैयारी कर रहे थे।

May 26, 2025 - 12:20
 0
मथुरा के लिए निकलने से पहले ही रोक दिए गए सांसद सुमन, पुलिस ने घर में किया नजरबंद
आगरा में सांसद रामजी लाल सुमन के आवास के बाहर तैनात पुलिस बल।  

-मथुरा के भूरेका गांव में पीड़ितों से मिलने जा रहे थे सांसद सुमन, बोले– ये लोकतंत्र नहीं, दमन है

सांसद सुमन अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ गांव रवाना होने ही वाले थे, लेकिन इससे पहले पुलिस बल ने उनके आगरा स्थित आवास को घेर लिया और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया।

हर बार लोकतांत्रिक आवाज को दबाया जाता है- सुमन 

पुलिस अधिकारियों ने सांसद को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मथुरा न जाने की सलाह दी, लेकिन सांसद सुमन ने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा, हर बार जब हम पीड़ितों की आवाज़ बनने निकलते हैं, सरकार हमें रोक देती है। यह लोकतंत्र नहीं, दमन है।

उन्होंने कहा कि भूरेका गांव में एक दलित परिवार की शादी में दबंगों ने उत्पात मचाया, जिसकी शिकायतों को प्रशासन गंभीरता से नहीं ले रहा।
जब जनप्रतिनिधि ही नहीं पहुंच पाएंगे तो न्याय कैसे मिलेगा?

भूरेका में क्या हुआ था?

मथुरा के भूरेका गांव में एक दलित परिवार की शादी के दौरान कुछ दबंगों ने न सिर्फ तोड़फोड़ की बल्कि दूल्हे के परिवार के लोगों को जातिसूचक गालियां भी दीं और हथियारों से धमकाया।

इस घटना को लेकर राजनीतिक हलकों में आक्रोश है, और समाजवादी पार्टी ने पीड़ित परिवार से मिलने का ऐलान किया था।

पिछले कुछ सप्ताह में कई बार नजरबंद हुए सांसद सुमन

रामजी लाल सुमन को यह कोई पहली बार नजरबंद नहीं किया गया है। हाल के महीनों में जब भी वे दलित या अल्पसंख्यक उत्पीड़न से जुड़ी किसी घटना के स्थल पर पहुंचने की कोशिश करते हैं, प्रशासन उन्हें रोक देता है।

सपा के वरिष्ठ नेताओं ने भी इस पर सवाल उठाते हुए इसे जनप्रतिनिधियों की अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का हनन बताया है।

SP_Singh AURGURU Editor