एक बार फिर शहर से कचरा उठाने में जुटा नगर निगम, झोंकी ताकत
आगरा। दीपोत्सव से पहले नगर निगम को साफ सुथरा बनाने पर पूरी ताकत झोंकने वाले नगर निगम को दीपावली के बाद एक बार फिर वही प्रयास करने पड़ रहे हैं। त्योहार पर शहर भर में लगे कचरे के ढेरों को उठाने के लिए नगर निगम ने शनिवार से विशेष सफाई अभियान शुरू कर दिया।
दिन भर अधिकारी स्वयं भ्रमण कर कचरा निस्तारण के कार्य पर नजर रखे रहे। आज ही शहर से चौदह सौ टन कूड़ा उठाकर कुबेरपुर खत्ताघर को पहुंचाया जा चुका था। ये सामान्य दिनों की अपेक्षा चार से पांच सौ टन अधिक है। कूड़ा उठान का कार्य देर रात तक जारी था। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल खुद पूरी स्थिति पर नजर रखे हुए थे।
दीपोत्सव पर अवकाश के चलते नगर में कूड़ा उठान न हो पाने से जगह जगह कूड़े के ढेर नजर आने लगे थे। दीपावली का त्योहार निकलते ही नगर निगम के अधिकारियों से युद्ध स्तर पर कूड़ा उठान का काम चालू कराया। साढ़े चार हजार सफाईकर्मियों की फौज सभी सौ वार्डों में उतार दी गई। कूड़ा निस्तारण के कार्य पर नजर रखने के लिए सभी जेडएसओ और एसएफआई भी मैदान में डटे रहे।
देर रात तक दो शिफ्टों में कूड़ा उठान का कार्य कराया जा रहा है। अपर नगर आयुक्त सुरेंद्र प्रसाद यादव ने दिन भर नगर का भ्रमण कर स्थित पर नजर रखे रहे।
कई बाजारों में नाइट शिफ्ट में हो रहा काम
जिन बाजारों में कर्मचारियों को रात में तैनात किया गया है उनमें हरीवर्तत जोन के न्यू आगरा, कमला नगर, बल्केश्वर, संजय प्लेस, घटिया आजम खां, ताजंगज जोन के ताजगंज ,बालूगंज, बिजलीघर, बुंदूकटरा, राजपुर चुंगी के बाजारों को लिया गया है। इसके अलावा छत्ता जोन के भैंरों बाजार, बेलनगंज, कचौड़ा बाजार, सिंधी बाजार, छीपीटोला, सदरभट्टी, सुभाष बाजार और रावतपाड़ा आदि बाजार हैं।
लोहामंडी जोन में अजित नगर गेट, राजामंडी, शाहगंज
बोदला और खातीपाड़ा के बाजारों में ये व्यवस्था की गई है।
दुकानदारों से अपील, डस्टविन का उपयोग करें
सफाईकर्मियों के द्वारा बाजारों में दुकानदारों को बराबर ताकीद की जा रही है कि दुकानों के आगे गीले व सूखे कचरे के लिए डस्टविन रखें और उसी में ही कचरा डालें। दुकानदारों से अपील की जा रही है कि वे कचरे को सार्वजनिक स्थानों पर न फैंक कर डस्टबिन में डालकर शहर को साफ सुथरा रखने में नगर निगम को अपना योगदान दें। अगर सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा डालता हुआ कोई भी नजर आया तो उसके खिलाफ जुर्माने की कार्रवाई की जा जाएगी।
कूड़ा हर्गिज न जलाएं, पकड़े गये तो लगेगा जुर्माना
आगरा। दीपोत्सव के बाद घरों से निकलने वाले कूड़े में कुछ स्थानों पर आग लगाये जाने की घटनाओं को नगर आयुक्त ने गंभीरता से लेते हुए सख्त हिदायद दी है कि अगर किसी भी व्यक्ति ने कूड़े में आग लगाई तो उस पर भरी जुर्माना लगाया जाएगा। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने कहा है कि प्रतिंबध के बाद भी कुछ लोग सार्वजनिक स्थलों पर कूड़ा जलाने से बाज नहीं आ रहे हैं।
मौके पर कूड़ा जलाते पकड़े जाने पर एनजीटी नियमों के तहत पांच से पच्चीस हजार रुपये तक का जुर्माना वसूल किया जाएगा।
दीपोत्सव पर आतिशबाजी आदि चलाये जाने के कारण शहर की आवोहवा और भी प्रदूषित हो गयी है। कचरे में आग लगाकर कुछ लोग इस समस्या को और भी गंभीर बना रहे हैं।
आज भी कुछ स्थानों पर कूड़े में आग लगाये जाने की सूचनाएं मिलनेपर नगर निगम अपने वाहन भेज कर आग को बुझवाया है। हवा को एयर क्वालिटी को मेंटेन रखने के लिए नगर निगम मेकेनिकल स्वीपिंग कराने के साथ ही वाटर स्प्रिकलिंग करा रहा है।
नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने सभी जेडएसओ, एसएफआई और इंस्पेक्टरों को आदेश दे दिये हैं कि वे अपने अपने क्षेत्रों में पैनी नजर रखें। खुले में कूड़ा जलाने वाले के खिलाफ कार्रवाई करें।
बता दें कि नेशनल ग्रीन ट्रिब्युनल एनजीटी ने देशभर में खुले में कचरा जलाये जाने पर प्रतिबंध लगा दिया है। आगरा ताज ट्रिपेजियम जोन में आता है। ताजमहल के पचास किलोमीटर की परिधि में कूड़ा नहीं जलाया जा सकता है। खुले में कचरा जलाये जाने पर पांच हजार से पच्चीस हजार रुपये का जुर्माना लगाये जाने का प्रावधान है।
पूरे शहर में कराया जा रहा पानी का छिड़काव
हवा की सेहत में सुधार के लिए नगर निगम अपने स्तर से भरपूर प्रयास कर रहा है। पूरे शहर में आठ मेकेनिकल स्वीपिंग मशीनों से लगातार सफाई कराई जा रही है जिससे सड़कों पर धूल के कण न उड़ें। इसके अलावा वाटर स्प्रिंकलिंग मशीनों से पानी का छिड़काव और डिवायडरों की धुलाई कराई जा रही है। नगरायुक्त स्वयं इसकी समीक्षा कर रहे हैं।
यदि आपके आस पास कहीं कूड़े का ढेर हो तो 9068 13345 और 827 2854914 नम्बरों पर फोटो और एड्रेस समेत व्हाट्सएप करें। निगम की टीम भेजकर तत्काल कूड़े का निस्तारण कराया जाएगा।