नगर निगम के ट्रेड टैक्स’ से व्यापार पर हो रहा वार: सपा व्यापार सभा ने किया आंदोलन का ऐलान

आगरा। नगर निगम द्वारा थोपे गए नए “ट्रेड टैक्स” के खिलाफ शहर का व्यापारिक माहौल गरमा गया है। लगातार घटते उद्योग, पलायन करती इकाइयों और गिरते कारोबार के बीच समाजवादी व्यापार सभा ने इस टैक्स को व्यापार के लिए विनाशकारी बताते हुए खुला विरोध शुरू कर दिया है। संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि यदि यह कर तत्काल वापस नहीं लिया गया, तो शहरभर में उग्र आंदोलन और जन-जागरण अभियान चलाया जाएगा।

Apr 12, 2026 - 17:54
 0
नगर निगम के ट्रेड टैक्स’ से व्यापार पर हो रहा वार: सपा व्यापार सभा ने किया आंदोलन का ऐलान
नगर निगम के ट्रेड टैक्स के विरोध में प्रेस से वार्ता करते समाजवादी व्यापार संभा के पदाधिकारी।

बैठक में फूटा व्यापारियों का गुस्सा

लोहामंडी स्थित महाराजा अग्रसेन भवन में आयोजित बैठक और प्रेस वार्ता में समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव एवं आगरा मंडल प्रभारी मनोज गुप्ता ने सरकार की आर्थिक नीतियों और अफसरशाही पर तीखा हमला बोला।
उन्होंने कहा कि गलत नीतियों और बेलगाम प्रशासन के कारण आगरा का उद्योग जगत बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कई उद्योग शहर छोड़कर जा चुके हैं, जबकि जो बचे हैं वे भी अस्तित्व की लड़ाई लड़ रहे हैं। ऐसे में ट्रेड टैक्स का नया बोझ व्यापार पर पलीता लगाने जैसा है, जिससे छोटे-बड़े सभी व्यवसाय प्रभावित होंगे और व्यापार करना कठिन ही नहीं, बल्कि असंभव हो जाएगा।

सर्राफा से जूता उद्योग तक संकट गहराया

मनोज गुप्ता ने कहा कि सर्राफा व्यापार में टर्नओवर के आधार पर लगाया गया ट्रेड टैक्स पूरी तरह तर्कहीन है। सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों के कारण पहले ही व्यापार 10% से 20% तक घट चुका है।
इसका सीधा असर आभूषण निर्माण में लगे कारीगरों और महिलाओं की रोजी-रोटी पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि आगरा का जूता उद्योग, पेठा उद्योग भी सरकारी उदासीनता का शिकार है। आगरा को ‘ग्रीन कैटेगरी’ में रखे जाने के कारण चमड़ा उद्योग को सरकारी नियमों में राहत नहीं मिल पा रही है। चमड़ा व्यापार केवल व्हाइट कैटेगरी में ही संभव है, जिससे इस सेक्टर का भविष्य अंधकारमय होता जा रहा है। पर्यटन क्षेत्र की स्थिति भी चिंतनीय है।

वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ योजना पर सवाल

जनवरी 2018 में बड़े दावों के साथ शुरू की गई ‘एक जिला एक उत्पाद’ योजना पर भी सवाल उठाए गए। व्यापार सभा के अनुसार यह योजना भ्रष्टाचार और सरकारी विसंगतियों की भेंट चढ़ गई है और इसका लाभ व्यापारियों तक नहीं पहुंच पा रहा।

सरकार को सीधी चेतावनी

समाजवादी व्यापार सभा ने उत्तर प्रदेश सरकार, प्रशासन और नगर निगम को चेतावनी देते हुए मांग की कि इस अन्यायपूर्ण ट्रेड टैक्स को तत्काल पूरी तरह समाप्त किया जाए।
संगठन ने कहा कि प्रदेश के किसी अन्य जिले में ऐसा कर लागू नहीं है, ऐसे में आगरा के व्यापारियों पर इसे थोपना दोहरी मानसिकता दर्शाता है। यदि टैक्स वापस नहीं लिया गया, तो व्यापार सभा पूरे शहर के व्यापारियों को साथ लेकर सड़कों और चौराहों पर उग्र आंदोलन करेगी।

इन नेताओं और व्यापारियों की रही मौजूदगी

इस अवसर पर मुख्य रूप से शब्बीर अब्बास (सपा महानगर अध्यक्ष), विनय अग्रवाल (पूर्व प्रत्याशी, दक्षिण), राकेश अग्रवाल (प्रदेश सचिव), राहुल चतुर्वेदी (पूर्व मेयर प्रत्याशी), नितिन कोहली (प्रत्याशी, उत्तर), सोमेश गुप्ता (व्यापार सभा अध्यक्ष), मधुकर अरोड़ा, बलविंदर सिंह जाटव, नितिन वर्मा, राजेश गुप्ता, पंकज अग्रवाल, हरीश गुप्ता, हरेश अग्रवाल, संजय वर्मा, सुशांत गुप्ता, कयामुद्दीन राइन, उपेंद्र सिंह, आलोक वर्मा सहित अन्य व्यापारी नेता मौजूद रहे।

SP_Singh AURGURU Editor