दिल्ली के निजामुद्दीन में फिल्म एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के भाई की हत्या
जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे स्कूटी को गेट से हटाकर साइड में लगाने को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने आसिफ कुरैशी पर हमला कर दिया। इस हमले में उनकी मौत हो गई।
नई दिल्ली। दिल्ली के निजामुद्दीन में बॉलीवुड फिल्म एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई की हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि पार्किंग को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ गया कि आसिफ कुरैशी की हत्या कर दी गई। एक शख्स ने अपनी स्कूटी आसिफ के घर के बाहर लगा दी थी। जब आसिफ ने स्कूटी हटाने के लिए कहा तो कहासुनी शुरू हो गई और बात हत्या तक जा पहुंची। आसिफ कुरैशी की पत्नी ने कहा कि मामूली बात पर आरोपियों ने बेरहमी से वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि पहले भी पार्किंग विवाद को लेकर मेरे पति से उनका झगड़ा हुआ था।
आसिफ कुरैशी की पत्नी ने बताया कि मेरे पति काम से लौटकर घर पहुंचे तो घर के सामने पड़ोसी की स्कूटी लगी हुई थी। जिसको हटाने के लिए उन्होंने पड़ोसी को कहा लेकिन पड़ोसी ने स्कूटी हटाने के बजाय उनके साथ गाली-गलौज करना शुरू कर दिया और किसी तेज धारदार नुकीली चीज से उनकी हत्या कर दी।
पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। साथ ही हत्या में शामिल हथियार भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि निजामुद्दीन थाना क्षेत्र के जंगपुरा भोगल बाजार लेन में पार्किंग विवाद में एक हत्या हो गई। जानकारी के अनुसार, रात करीब 11 बजे स्कूटी को गेट से हटाकर साइड में लगाने को लेकर हुए विवाद में आरोपियों ने आसिफ कुरैशी पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल आसिफ को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।