वॉशिंगटन से नाटो का संदेश: रूस के साथ व्यापार पर भारत समेत ब्रिक्स देशों को चेतावनी

वाशिंगटन। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन में नाटो के नव नियुक्त महासचिव मार्क रूटे ने भारत, चीन और ब्राजील को रूस के साथ व्यापार जारी रखने पर गंभीर आर्थिक प्रतिबंध लगाने की चेतावनी दी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यदि ये देश रूस से तेल और गैस की खरीद बंद नहीं करते और पुतिन को शांति वार्ता के लिए मजबूर नहीं करते, तो 100% सेकंडरी सैंक्शन का सामना करना पड़ सकता है।

Jul 16, 2025 - 14:15
 0
वॉशिंगटन से नाटो का संदेश: रूस के साथ व्यापार पर भारत समेत ब्रिक्स देशों को चेतावनी

-रूस से व्यापार पर भारत को नाटो प्रमुख की चेतावनी, बोले- शांति वार्ता नहीं तो लगेंगे 100% सेकंडरी प्रतिबंध

रूटे का साफ संकेत: 'मॉस्को नहीं माना, तो दिल्ली भुगतेगा'

अमेरिकी सीनेटरों से मुलाकात के बाद मीडिया को संबोधित करते हुए मार्क रूटे ने कहा, अगर आप भारत, चीन या ब्राजील के नेता हैं और रूस से व्यापारिक रिश्ते निभा रहे हैं, जबकि पुतिन शांति वार्ता को गंभीरता से नहीं ले रहे, तो इसका सीधा आर्थिक असर आप पर होगा। मैं 100 प्रतिशत सेकंडरी टैरिफ लगाने से पीछे नहीं हटूंगा।

उन्होंने आगे कहा कि बीजिंग, नई दिल्ली और ब्रासीलिया के लिए यह चेतावनी महत्त्वपूर्ण है और इन देशों को यह समझना होगा कि वैश्विक शांति से जुड़ी गैर-जिम्मेदाराना नीतियों की कीमत चुकानी पड़ेगी।

ब्रिक्स देशों पर खास निगाह, भारत के रुख पर उठे सवाल

रूटे की टिप्पणी में खास बात यह रही कि उन्होंने तीनों ब्रिक्स देशों- भारत, चीन और ब्राजील को सीधे तौर पर नामित किया। यह समूह पहले से ही पश्चिमी देशों की नीति से स्वायत्त निर्णय लेने का संकेत देता रहा है। भारत कई बार कह चुका है कि वह अपने विदेश व्यापार व कूटनीतिक रिश्ते राष्ट्रीय हितों को ध्यान में रखकर तय करता है।

शांति की पहल के लिए पुतिन पर दबाव डालने की अपील

नाटो प्रमुख ने भारत, चीन और ब्राजील के नेताओं से रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को फोन कर शांति वार्ता शुरू करने का आग्रह करने को कहा। उन्होंने कहा कि कृपया पुतिन से कहिए कि अब वक्त आ गया है कि वे बातचीत को गंभीरता से लें, नहीं तो ब्रिक्स देशों को इसके भारी परिणाम झेलने होंगे।

ट्रंप की धमकी के अगले दिन आया नाटो का बयान

गौरतलब है कि एक दिन पहले ही अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रूस और उसके व्यापारिक साझेदारों के खिलाफ 100% सेकंडरी टैरिफ लगाने की चेतावनी दी थी। इसके साथ ही व्हाइट हाउस ने नाटो के ज़रिए यूक्रेन को नए खतरनाक हथियार जैसे पैट्रियट मिसाइल सिस्टम की आपूर्ति की भी घोषणा की थी। यह यूक्रेन की वायु रक्षा क्षमता को बढ़ाने के लिए अहम माना जा रहा है।

SP_Singh AURGURU Editor