नेहा कक्कड़ का बड़ा फैसला, लाइमलाइट से लिया ब्रेक- काम ही नहीं, रिश्तों से भी दूरी, लिखा- ‘पता नहीं लौटूंगी या नहीं’ सिंगर के बयान से फैंस हैरान

मुंबई। ‘इंडियन आइडल’ की जज रहीं मशहूर बॉलीवुड सिंगर नेहा कक्कड़ ने अचानक ऐसा ऐलान कर दिया है, जिसने उनके फैंस को चौंका दिया है। लगातार सुर्खियों, ट्रोलिंग और निजी दबावों के बीच नेहा कक्कड़ ने साफ कर दिया है कि वह कुछ समय के लिए काम, जिम्मेदारियों और यहां तक कि रिश्तों से भी ब्रेक ले रही हैं। उनका यह बयान इसलिए भी ज्यादा चर्चा में है, क्योंकि उन्होंने यह भी कहा है कि उन्हें खुद नहीं पता कि वह दोबारा लौटेंगी या नहीं।

Jan 19, 2026 - 21:01
 0
नेहा कक्कड़ का बड़ा फैसला, लाइमलाइट से लिया ब्रेक- काम ही नहीं, रिश्तों से भी दूरी, लिखा- ‘पता नहीं लौटूंगी या नहीं’ सिंगर के बयान से फैंस हैरान

सोमवार को नेहा कक्कड़ ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए यह भावुक घोषणा की। उन्होंने लिखा कि अब वह उन सभी चीजों से दूरी चाहती हैं, जिनके बारे में वह इस समय सोच सकती हैं, जिम्मेदारियां, काम और रिश्ते। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर फैंस की चिंता और सवालों की बाढ़ आ गई।

मेरी शांति का सम्मान करें’- पपाराजी से खास अपील

नेहा कक्कड़ ने एक और स्टोरी साझा करते हुए पपाराजी और फैंस से अपील की कि वे उनकी वीडियो न बनाएं। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि वह इस वक्त निजता चाहती हैं और चाहती हैं कि लोग उनकी शांति का सम्मान करें। नेहा ने लिखा कि उन्हें स्वतंत्र तरीके से जीने दिया जाए और कैमरे उन पर न लगाए जाएं।

कैंडी शॉप’ के बाद बढ़ा दबाव

यह फैसला ऐसे समय में सामने आया है, जब कुछ ही दिन पहले नेहा कक्कड़ और उनके भाई टोनी कक्कड़ के गाने ‘कैंडी शॉप’ को लेकर सोशल मीडिया पर तीखी आलोचना और ट्रोलिंग हुई थी। माना जा रहा है कि लगातार आलोचना और मानसिक दबाव ने भी इस फैसले में भूमिका निभाई है।

चार साल की उम्र से संघर्ष की शुरुआत

नेहा कक्कड़ का सफर संघर्षों से भरा रहा है। महज चार साल की उम्र में उन्होंने परिवार की आर्थिक मदद के लिए धार्मिक कार्यक्रमों में भजन गाना शुरू किया था। बाद में उन्होंने ‘इंडियन आइडल’ के दूसरे सीजन में हिस्सा लिया और वहीं से उन्हें पहचान मिली। बीते वर्षों में नेहा ने ‘आंख मारे’, ‘दिलबर’, ‘हौली हौली’, ‘मोरनी बनके’ जैसे कई सुपरहिट गाने दिए और आज वह एक सफल सिंगर के साथ-साथ म्यूजिक रियलिटी शोज में जज की भूमिका में दिख चुकी हैं।

नेहा का यह ब्रेक अस्थायी है या स्थायी, इसका जवाब फिलहाल किसी के पास नहीं है, लेकिन इतना तय है कि उनका यह फैसला उनके करियर और निजी जिंदगी, दोनों को लेकर कई सवाल खड़े कर गया है।

SP_Singh AURGURU Editor