साईं के दर पर मनाया नववर्ष, झूलेलाल मंदिर में गूंजी सिंध की पुकार

न डिस्को, न होटल… बल्कि इष्टदेव भगवान झूलेलाल साईं के दरबार में नववर्ष का स्वागत। आगरा के ताजगंज स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में सिंधी समाज ने आस्था, एकता और सांस्कृतिक गौरव के साथ नववर्ष 2026 का अभिनंदन किया। सिंधी महिला मित्र मंडल के नेतृत्व में हुए इस आयोजन ने यह संदेश दिया कि सच्चा उत्सव भोग-विलास नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा और सद्भाव में निहित है।

Jan 2, 2026 - 21:15
 0
साईं के दर पर मनाया नववर्ष, झूलेलाल मंदिर में गूंजी सिंध की पुकार
ताजगंज स्थित श्री झूलेलाल मंदिर में नव वर्ष पर आयोजित कार्यक्रम की एक झलक।

आगरा। सिंधी समाज में एकता, आस्था और संस्कृति का अनुपम संगम शुक्रवार को श्री झूलेलाल मंदिर, ताजगंज में देखने को मिला। नववर्ष 2026 के शुभ आगमन के अवसर पर सिंधी महिला मित्र मंडल द्वारा इष्टदेव भगवान झूलेलाल साईं की आराधना, सत्संग और भजन संध्या का भव्य आयोजन श्रद्धा और उल्लास के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम की शुरुआत साईं झूलेलाल की आराधना, दीप प्रज्ज्वलन और सामूहिक प्रार्थना से हुई। समाज की महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में साईं के भजनों, आरती और कीर्तन के माध्यम से नववर्ष का स्वागत किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विख्यात सिंधी गायक किशोर हीरानी द्वारा प्रस्तुत भजनों ने श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। मंदिर परिसर- जिए सिंध जिए, सिंध वारा जियन...के गगनभेदी उद्घोष से गूंज उठा।

सिंधी टोपी और अचरग में सजी महिलाओं ने समाज की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को सशक्त रूप से प्रस्तुत किया। आयोजन के माध्यम से यह स्पष्ट संदेश दिया गया कि नववर्ष का वास्तविक आनंद साईं के दरबार में सेवा, श्रद्धा और सामाजिक एकता के साथ मनाने में है।

कार्यक्रम में झूलेलाल मित्र मंडल एवं महिला मित्र मंडल की सक्रिय सहभागिता रही। सभी सदस्यों ने सिंधी समाज की परंपराओं, सांस्कृतिक मूल्यों और सामाजिक एकजुटता को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

इस अवसर पर दादी पकानी, लक्ष्मी ज्ञानचंदानी, चांदनी भोजवानी, रेनू मोड़वानी, केसर आसवानी, लीला मोडवानी, नंदनी तुलसानी, लवीना मोडवानी, सपना मोडवानी, मुस्कान लालवानी, हेमा देवी, मीनाक्षी, मानसी, द्रोपती ज्ञानचंदानी, दिशा लालवानी, पूजा मोटवानी, दिव्या मोटवानी, भावना बसरानी, तुलसी पंचानी, रेनू चंडवानी, जिया रामानी, नम्रता मोटवानी, दृष्टि ज्ञानचंदानी, मीना ज्ञानचंदानी, पिया मोटवानी, रजनी मोटवानी, अध्यक्ष शंकर आसवानी, श्याम भोजवानी, विजय मोटवानी सहित समस्त झूलेलाल मित्र मंडल के सदस्य उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor