नववर्ष पर मनौना धाम में उमड़ा आस्था का महासागर, बाबा श्याम के जयकारों से गूंजा परिसर

-रमेश कुमार सिंह बरेली। नववर्ष 2026 के आगमन पर विख्यात श्री श्याम जी मंदिर मनौना धाम, आंवला में श्रद्धा और भक्ति का अभूतपूर्व दृश्य देखने को मिला। नववर्ष के अवसर पर लाखों श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर बाबा श्री श्याम के दर्शन किए। 31 दिसंबर की दोपहर से ही भक्तों की लंबी-लंबी लाइनें लगनी शुरू हो गई थीं, जो एक जनवरी को अकल्पनीय जनसैलाब में बदल गईं।

Jan 1, 2026 - 22:01
 0
नववर्ष पर मनौना धाम में उमड़ा आस्था का महासागर, बाबा श्याम के जयकारों से गूंजा परिसर
नव वर्ष पर मनौना धाम में उमड़े श्रद्धालुओं के सैलाब की एक तस्वीर।  

श्रद्धालुओं की भारी भीड़ के चलते विसौली–आंवला मार्ग और आंवला नगर में यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। करीब पांच किलोमीटर तक भीषण जाम लगा रहा, जिसमें हजारों श्रद्धालु फंसे रहे और वाहन रेंगते हुए नजर आए। बावजूद इसके श्रद्धालुओं के उत्साह और आस्था में कोई कमी नहीं दिखी।

बताया जाता है कि विश्व विख्यात श्री श्याम जी मंदिर मनौना धाम पर प्रतिदिन लाखों श्रद्धालु देश–प्रदेश से पहुंचते हैं और यहां आने वाले भक्तों की मनोकामनाएं पूर्ण होने की मान्यता है। नववर्ष के अवसर पर बाबा श्याम के अनन्य भक्त और मनौना धाम के महंत श्री ओमेन्द्र महाराज के अनुयायी सैकड़ों की संख्या में डीजे लेकर धाम पहुंचे। जैसे ही रात्रि बारह बजे नववर्ष 2026 का आगाज हुआ, पूरा मनौना धाम पटाखों की गूंज और बाबा श्याम के जयकारों से गूंज उठा।

रात्रि बारह बजे के बाद महंत ओमेन्द्र महाराज ने भक्तों द्वारा लाए गए सैकड़ों केक काटकर जन्मदिन मनाया। इस अवसर पर उन्होंने सामूहिक रूप से उपस्थित श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान किया। नववर्ष की रात्रि से ही बाबा श्याम के दर्शन शुरू हो गए थे, जो देर रात तक लगातार चलते रहे।

सुरक्षा एवं व्यवस्था की दृष्टि से प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। आंवला कोतवाल कुंवर बहादुर सिंह, उपनिरीक्षक सोमपाल सिंह सहित तीन थानों का पुलिस बल एवं दो प्लाटून पीएसी की तैनाती की गई। पुलिस, पीएसी और मंदिर सेवादारों ने संयुक्त रूप से व्यवस्था संभालकर किसी भी अप्रिय स्थिति को उत्पन्न नहीं होने दिया।

इस दौरान महेन्द्र सिंह, सतीश सिंह, आर्येंद्र सिंह चौहान, अभयेन्द्र सिंह चौहान, श्यामेन्द्र सिंह चौहान, मानवेन्द्र सिंह चौहान, अमित सिंह, संजीव कुमार सिंह, धीरेन्द्र सिंह, नवीन सिंघल, अखिलेश सक्सेना, राजेन्द्र गुप्ता, गौरव पाठक, संजय राजपूत, अखिलेश चौहान सहित सैकड़ों की संख्या में सेवादार श्रद्धालुओं की सेवा में जुटे रहे।

SP_Singh AURGURU Editor