नव वर्ष की हॉकी जंग: आर्मी टू पैरा व सुख जीवन अकादमी के बीच रोमांचक मुकाबला 4-4 से बराबर
नव वर्ष 2026 के प्रथम रविवार को आगरा में हॉकी प्रेमियों के लिए खेल, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर एक यादगार क्षण देखने को मिला, जब टू पैरा वर्कशॉप आर्मी और सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के बीच खेले गए रोमांचक फ्रेंडली हॉकी मैच ने खेल भावना और आपसी सौहार्द का शानदार संदेश दिया।
आगरा। नव वर्ष की शुरुआत को खेल और अनुशासन से जोड़ते हुए टू पैरा वर्कशॉप आर्मी एवं सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के बीच एक अत्यंत रोमांचक मैत्रीपूर्ण हॉकी मुकाबला आयोजित किया गया। यह आयोजन सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी एवं आगरा हॉकी मास्टर्स के तत्वावधान में संपन्न हुआ, जो वर्षों से हॉकी के विकास और खिलाड़ियों के उत्थान के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य कर रहे हैं।
मैच की शुरुआत से लेकर अंतिम सीटी तक दोनों ही टीमों ने शानदार जज़्बा, बेहतरीन तकनीक और रचनात्मक हॉकी का प्रदर्शन किया। तेज़ पासिंग, सशक्त डिफेंस और शानदार फील्ड गोल ने दर्शकों को अंत तक बांधे रखा। कड़ा संघर्ष अंततः 4-4 की बराबरी पर समाप्त हुआ, जो दोनों टीमों की मेहनत और संतुलित खेल का प्रमाण रहा।
गोल स्कोरर
सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी: गरजन सिंह – 1 गोल, ख़लील अहमद – 2 गोल, अमरजीत सिंह – 1 गोल। टू पैरा वर्कशॉप आर्मी: राजवीर सिंह – 2 गोल, पीरामनी – 1 गोल, सरताजवीर सिंह – 1 गोल।
सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी की टीम में राजीव सोई (कप्तान), अमरजीत सिंह, गोपाल भगत, जयशंकर सिंह यादव, धर्मेन्द्र बघेल, गरजन सिंह, अजय राजपूत, प्रदीप शर्मा, नरेंद्र राम, गौरव शर्मा, अशोक यादव, ख़लील अहमद, धर्मेश राजपूत सिंह, दलीप शर्मा, दिनेश शर्मा, अनुज सिंह, शकील अहमद, पवन सिंह शामिल थे।
टू पैरा वर्कशॉप आर्मी टीम में राजवीर सिंह (कप्तान), पीरामनी, पप्पू चौहान, योगी, प्रभजीत सिंह, गुडविन, खजूर, जितेंद्र रॉय, ठाकुर, सरताजवीर सिंह, बदनेश, शरद, लालू, शानधाल।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित राष्ट्रीय अंपायर, एनआईएस कोच एवं पूर्व राष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी अमिताभ गौतम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने दोनों टीमों के खेल की मुक्तकंठ से सराहना करते हुए अनुशासन, लक्ष्य के प्रति समर्पण और निरंतर अभ्यास को सफलता की कुंजी बताया तथा सभी खिलाड़ियों को नव वर्ष की शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संडे हॉकी एवं सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन और भी भव्य बन गया। खिलाड़ियों व अतिथियों के लिए स्वादिष्ट और ऊर्जा से भरपूर साउथ इंडियन भोजन की व्यवस्था की गई, जिसकी सभी ने सराहना की।
इसी अवसर पर आगरा हॉकी एवं सुख जीवन स्पोर्ट्स अकादमी के वाइस प्रेसिडेंट धर्मेन्द्र बघेल का जन्मोत्सव भी बड़े हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कुल मिलाकर यह मुकाबला सिर्फ एक मैच नहीं, बल्कि नव वर्ष में नई ऊर्जा, एकता और खेल भावना के संकल्प का जीवंत प्रतीक बनकर सामने आया।