बरेली में फिर गूंजेगा क्रिकेट का शोर: कूच बेहार ट्रॉफी अंडर-19 का तीसरा मैच 16 को, यूपी–बंगाल की टीमें भिड़ेंगी  

बरेली एक बार फिर बड़ी क्रिकेट भिड़ंत का गवाह बनने जा रहा है। बीसीसीआई के घरेलू क्रिकेट कैलेंडर के तहत कूच बेहार ट्रॉफी अंडर-19 का तीसरा मैच इस बार बरेली में आयोजित हो रहा है, जहां 16 से 19 दिसंबर तक उत्तर प्रदेश और बंगाल की जूनियर टीमें आमने-सामने होंगी। अंतरराष्ट्रीय मानकों वाले एसआरएमएस क्रिकेट स्टेडियम को तीसरी बार मैच की मेजबानी मिलना शहर के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

Dec 8, 2025 - 22:13
 0
बरेली में फिर गूंजेगा क्रिकेट का शोर: कूच बेहार ट्रॉफी अंडर-19 का तीसरा मैच 16 को, यूपी–बंगाल की टीमें भिड़ेंगी   
बरेली में होने जा रहे कूच बेहार ट्राफी अंडर-19 के तीसरे मैच के बारे में जानकारी देते क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के संरक्षक एवं एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति और अन्य पदाधिकारी।

-रमेश कुमार सिंह-

बरेली। बीसीसीआई के घरेलू क्रिकेट सत्र के अंतर्गत आयोजित कूच बेहार ट्रॉफी अंडर-19 का तीसरा मुकाबला बरेली में होने जा रहा है। मैच 16 से 19 दिसंबर तक श्रीराम मूर्ति स्मारक इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी कॉलेज परिसर स्थित एसआरएमएस क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इसके लिए तैयारियां युद्धस्तर पर जारी हैं।

तीसरी बार बरेली को बीसीसीआई मैच की मेजबानी

सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बरेली क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) के संरक्षक एवं एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति ने बताया कि 2022 में यूपी–नागालैंड और 2024 में यूपी–एमपी के बीच दो मैच यहां सफलतापूर्वक हुए थे। उन्होंने कहा कि बरेली के लिए यह गर्व की बात है कि तीसरी बार बीसीसीआई अधिकृत मैच की मेजबानी मिली है। विश्वस्तरीय ग्राउंड, उत्कृष्ट पिच, स्टेडियम सुविधाएं और बीसीए के टीमवर्क ने यह संभव किया है।

स्थानीय प्रतिभाओं को दे रहा है नया मंच

बीसीए सचिव सीताराम सक्सेना ने बताया कि एसोसिएशन लगातार क्रिकेट कैंप और प्रतियोगिताओं के माध्यम से स्थानीय खिलाड़ियों को निखार रहा है।
उन्होंने कहा कि बीसीए संरक्षक आदित्य मूर्ति के मार्गदर्शन में पहला श्रीराम मूर्ति मेमोरियल टी-20 प्राइज मनी वुमन टूर्नामेंट और दो कूच बेहार ट्रॉफी मैच आयोजित किए जा चुके हैं। इन्हीं उपलब्धियों के कारण यूपीसीए ने तीसरा मैच भी बरेली को सौंपा है।

एसआरएमएस क्रिकेट अकादमी से निकले राज्यस्तरीय खिलाड़ी

एसआरएमएस ट्रस्ट 2014 से क्रिकेट अकादमी के माध्यम से प्रतिभाओं को तराश रहा है। इसी के चलते अनंत भटनागर, शुभम मिश्रा, अर्पित यादव, देवांश मूर्ति, जतिन गौतम और गौतम अरोरा जैसे खिलाड़ी राज्य स्तरीय टीमों तक पहुंचे हैं।

बीसीसीआई व यूपीसीए की निरीक्षण टीम ने दी हरी झंडी

एसआरएमएस ट्रस्ट के सचिव आदित्य मूर्ति ने बताया कि बीसीसीआई और यूपीसीए अधिकारियों ने स्टेडियम का निरीक्षण कर इसे मानक अनुरूप पाया। उन्होंने कहा कि अगर एसआरएमएस का वर्ल्ड-क्लास क्रिकेट ग्राउंड न होता, तो बरेली को यह मैच नहीं मिल पाता।

दोनों टीमों का आगमन 14 दिसंबर को होगा। प्रैक्टिस सेशन 15 दिसंबर और मैच की शुरुआत को 16 दिसंबर सुबह 9 बजे से होगी।

प्रेस वार्ता में बीसीए उपाध्यक्ष राजेंद्र मनोहर शर्मा, सीनियर जॉइंट सेक्रेटरी ओपी कोहली, ट्रेजरार शहजाद अली, ज्वाइंट सेक्रेटरी राहुल कपूर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

SP_Singh AURGURU Editor