अब टी20 वर्ल्ड कप से नाम वापस ले सकता है बांग्लादेश, किसी अन्य टीम को मिल सकती है जगह

बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने आईसीसी से मांग की थी कि उनके टी20 वर्ल्ड कप के मैच श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया।

Jan 7, 2026 - 21:08
 0
अब टी20 वर्ल्ड कप से नाम वापस ले सकता है बांग्लादेश, किसी अन्य टीम को मिल सकती है जगह


बांग्लादेश। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने मांग की थी कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उनके मैच भारत से श्रीलंका शिफ्ट किए जाएं, जिसे आईसीसी ने खारिज कर दिया है। इस पर अंतिम फैसला 10 जनवरी को लिया जाएगा। मुस्तफिजुर रहमान को केकेआर द्वारा रिलीज किए जाने के बाद से बीसीबी कड़ा रुख अपना रही है। अब आईसीसी द्वारा मांग खारिज होने के बाद एक संभावना ये भी बन रही कि बांग्लादेश टी20 वर्ल्ड कप से हट जाएगा।

पिछले काफी समय से भारत और बांग्लादेश के बीच रिश्ते अच्छे नहीं हैं। बांग्लादेश में 2 हिन्दू युवकों की हत्या ने इसे और बढ़ा दिया, जिसका भारत में विरोध हुआ. पड़ोसी देश में अल्पसंख्यकों के खिलाफ अत्याचार की और भी घटनाएं सामने आई। इसके बाद केकेआर और टीम के मालिक शाहरुख खान की भारत में आलोचना होने लगी, क्योंकि उन्होंने बांग्लादेशी प्लेयर मुस्तफिजुर रहमान को 9.20 करोड़ रुपये में खरीदा था।

बढ़ता विरोध देख बीसीसीआई ने केकेआर को निर्देश दिया कि वह मुस्ताफ़िज़ुर रहमान को रिलीज करें। केकेआर ने अपने स्टेटमेंट में इसकी जानकारी देते हुए बताया कि वह आने वाले दिनों में रिप्लेसमेंट का ऐलान करेगी। हालांकि बांग्लादेश ने भी विरोध में कई कदम उठाए।

बांग्लादेश सरकार ने आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी। आईसीसी से मांग करते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि उनके मैच भारत से श्रीलंका में शिफ्ट किए जाएं। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का आयोजन भारत और श्रीलंका में होगा, लेकिन बांग्लादेश के सभी मैच भारत में होने हैं।

हालांकि बीसीबी की मांग पर अभी अंतिम फैसला लिया जाना बाकी है, लेकिन साफ है कि आईसीसी टूर्नामेंट के रीशेड्यूल पर मना ही करेगा। बांग्लादेश को अपने ग्रुप स्टेज के 3 मैच कोलकाता और 1 मैच मुंबई में खेलना है।

बांग्लादेश अगर टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटने का फैसला लेता है तो उसकी जगह किसी और टीम को इसमें शामिल किया जा सकता है। 2016 के अंडर-19 वर्ल्ड कप में ऐसा ही हुआ था, जब ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश जाने से मना कर दिया था तब ऑस्ट्रेलिया की जगह आयरलैंड टूर्नामेंट में खेली थी। हालांकि बांग्लादेश ने अभी ऐसा कोई फैसला नहीं लिया है. लेकिन केकेआर द्वारा मुस्तफिजुर रहमान को रिलीज किए जाने के बाद ही टी20 वर्ल्ड कप के लिए बांग्लादेश टीम का ऐलान हुआ था, इसलिए इसकी संभावना कम है. लेकिन जिस तरह बीसीबी तेवर दिखा रहा है, ऐसा असंभव भी नहीं है।