अब बरेली में रेखा ने प्रेमी संग पति को ठिकाने लगाया, सुसाइड का रूप देने की कोशिश
बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से रिश्तों को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है, जहां पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। यह वारदात फतेहगंज पश्चिमी नगर पंचायत क्षेत्र में सामने हुई, जिसमें पहले पति को खाने में ज़हर दिया गया और फिर गला दबाकर फंदे से लटका दिया गया ताकि हत्या को आत्महत्या जैसा रूप दिया जा सके।
-पति के समक्ष हो गया था अवैध संबंधों का खुलासा, प्रेमी संग पहले जहर दिया और फिर घोंटा गला, बाद में शव को फंदे पर लटका दिया
पुलिस के अनुसार, मृतक केहर सिंह (सफाईकर्मी, संविदा पर तैनात) का शव 13 अप्रैल को किराए के कमरे में फांसी के फंदे से लटका मिला था। कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिससे शुरुआत में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ। लेकिन जब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट सामने आई, तो सच्चाई के झटके ने सभी को चौंका दिया।
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या का खुलासा
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) मुकेश चंद्र मिश्रा ने बताया कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में मृत्यु का कारण गला दबाना पाया गया है। इसके अलावा ज़हर की आशंका के मद्देनज़र विसरा को भी जांच के लिए संरक्षित किया गया है।
मृतक केहर सिंह के भाई अशोक की तहरीर के आधार पर पुलिस ने उसकी पत्नी रेखा (25) और उसके प्रेमी पिंटू (25) के खिलाफ हत्या की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। रेखा से पूछताछ में उसने ज़हर देने की बात स्वीकार की, लेकिन गला दबाने और फंदे से लटकाने से इंकार कर दिया। फिलहाल पुलिस महिला के बयान की गहराई से जांच कर रही है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को शुक्रवार को मेडिकल परीक्षण के बाद जेल भेज दिया है और पूरे मामले की तह तक जाने के लिए हर बिंदु पर जांच की जा रही है।
साजिश की पुष्टि, खुदकुशी का रचा गया था ड्रामा
मृतक के परिजनों का कहना है कि केहर सिंह को अपनी पत्नी और पिंटू के अवैध संबंधों की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते दोनों ने साजिश रचकर उसे मौत के घाट उतार दिया। पहले खाने में जहर देकर बेसुध किया गया, फिर गला दबाकर हत्या कर दी गई और सबूत मिटाने के लिए शव को फंदे से लटका दिया गया।
चालाकी तो बहुत दिखाई पर पकड़े गये
रेखा और उसके प्रेमी पिंटू ने केहर सिंह की हत्या करने के बाद शव को फंदे पर लटका दिया था। इसके बाद उन्होंने संबंधित कमरे के दरवाजे के कब्जे खोले। इसके बाद दरवाजे को बंद कर फिर से कब्जे कस दिए। इसके जरिए यह दर्शाने की कोशिश थी कि केहर सिंह ने दरवाजा बंद कर आत्महत्या की है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट से सारी चालाकी धरी रह गई।
मेरठ की मुस्कान हत्याकांड से मिलती-जुलती वारदात
यह मामला मेरठ की चर्चित मुस्कान कांड की तरह ही है, जहां महिला मुस्कान ने प्रेमी संग मिलकर पति की हत्या कर दी थी। ऐसे ही कई मामले हाल ही में उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में सामने आए हैं, जहां रिश्तों की नींव में पनपता धोखा हत्या जैसे संगीन अपराधों का कारण बन रहा है।