बेकाबू एक्सयूवी ने दो सगे भाइयों को रौंदा, छोटे भाई की मौके पर मौत, बड़ा भाई घायल

आगरा के लोहामंडी थाना क्षेत्र स्थित मदिया कटरा में तेज रफ्तार एक्सयूवी ने एक्टिवा सवार दो सगे भाइयों को रौंद दिया। हादसे में 20 वर्षीय शारिक की मौके पर मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई बंटी घायल हो गया। शारिक बीमार बंटी को डॉक्टर को दिखाने ले जा रहा था। हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार में दो युवक और एक युवती सवार थे। बिल्लोचपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद मिलने के बाद आरोपी एक्सयूवी छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने वाहन कब्जे में लेकर चालक और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Aug 24, 2026 - 11:31
 0
बेकाबू एक्सयूवी ने दो सगे भाइयों को रौंदा, छोटे भाई की मौके पर मौत, बड़ा भाई घायल

आगरा। थाना लोहामंडी क्षेत्र के मदिया कटरा इलाके में तेज रफ्तार और बेकाबू एक्सयूवी ने एक्टिवा सवार दो सगे भाइयों को रौंद दिया। दर्दनाक हादसे में 20 वर्षीय शारिक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई बंटी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया।

बताया गया है कि शारिक अपने बड़े भाई बंटी को डॉक्टर को दिखाने के लिए एक्टिवा से लेकर जा रहा था। बंटी की तबीयत खराब थी और दोनों भाई रास्ते में मदिया कटरा क्षेत्र से गुजर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार से आई एक एक्सयूवी ने उनकी एक्टिवा को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर जा गिरे और शारिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे का लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक्सयूवी की तेज रफ्तार और हादसे का भयावह मंजर कैद बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक्सयूवी में दो युवक और एक युवती सवार थे।

दुर्घटना के बाद कार सवार मौके से वाहन लेकर भाग निकले। बताया गया कि बिल्लोचपुरा रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक बंद होने के कारण एक्सयूवी आगे नहीं जा सकी। इसके बाद कार सवार वाहन को वहीं छोड़कर फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एक्सयूवी को अपने कब्जे में ले लिया है और उसमें शराब की बोतल मिलने की बात भी सामने आई है।

पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज और वाहन के आधार पर कार चालक तथा उसमें सवार अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, जवान बेटे शारिक की अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है। घर से अपने बीमार बड़े भाई को डॉक्टर को दिखाने के लिए निकला शारिक अब कभी वापस नहीं लौटेगा। हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।