पाक ने नए कप्तान के साथ चुनी नई टीम, सलमान आगा से छिनी कप्तानी, बाबर आजम को बाहर कर दिया
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी20 टीम में बड़ा फेरबदल करते हुए सलमान अली आगा को कप्तानी से हटाकर साहिबजादा फरहान को नया टी20 कप्तान नियुक्त किया है।
लाहौर। पाकिस्तान क्रिकेट में एक बार फिर बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। श्रीलंका के खिलाफ आगामी तीन मैचों की टी20 सीरीज के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है। लगातार खराब प्रदर्शन से जूझ रही पाकिस्तान टी20 टीम में बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। सलमान अली आगा से कप्तानी छीन ली गई है और विस्फोटक बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को टी20 फॉर्मेट का स्थायी कप्तान नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही पूर्व कप्तान बाबर आजम और तेज गेंदबाज शाहीन शाह अफरीदी को टी20 टीम से बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है।
हालांकि, टी20 टीम से बाहर किए गए तीनों बड़े सितारों बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और सलमान अली आगा को वनडे टीम में बरकरार रखा गया है। वनडे प्रारूप में शाहीन अफरीदी ही कप्तानी की बागडोर संभालते रहेंगे। आईसीसी टी20 रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज साहिबजादा फरहान ने हाल ही में एशियन गेम्स 2026 में पाकिस्तान की कप्तानी की थी जहां उनकी अगुआइ में टीम ने सिल्वर मेडल हासिल किया था। फरहान की आक्रामक शैली और निरंतरता को देखते हुए सेलेक्टर्स ने उन पर भरोसा जताया है।
सलमान अली आगा को साल 2025 एशिया कप से पहले कप्तानी सौंपी गई थी लेकिन उनकी कप्तानी में पाकिस्तान का सफर निराशाजनक रहा। एशिया कप के फाइनल में हार और फिर टी20 वर्ल्ड कप से शुरुआती दौर में बाहर होने के बाद उनकी लीडरशिप पर सवाल उठ रहे थे। इसके अलावा, आधुनिक टी20 क्रिकेट के तेजी से बदलते पैटर्न में आगा की बल्लेबाजी शैली भी फिट नहीं बैठ रही थी। वहीं दूसरी ओर फरहान टीम में अपने स्थान और जिम्मेदारी दोनों को लेकर पूरी तरह स्पष्ट नजर आ रहे हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम से तुलना करें तो इस नई टी20 टीम में अब्दुल समद, अराफात मिन्हास, हसन नवाज, मोहम्मद इमरान रंधावा, माज सदाकत, रजाउल्लाह और मोहम्मद सलमान मिर्जा जैसे युवा चेहरों को शामिल किया गया है। दूसरी तरफ बाबर, आगा और शाहीन के अलावा फहीम अशरफ, मोहम्मद नवाज, उस्मान खान और उस्मान तारिक को टी20 सेटअप से ड्रॉप कर दिया गया है। सेलेक्टर्स का यह कदम साफ संकेत देता है कि पाकिस्तान अब टी20 फॉर्मेट में पूरी तरह युवा और आक्रामक खिलाड़ियों के साथ भविष्य की नींव रख रहा है।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछली वनडे सीरीज के मुकाबले पाकिस्तान की वनडे टीम में भी कई अहम बदलाव किए गए हैं। वनडे स्क्वाड में फहीम अशरफ, फखर जमान, हसन नवाज, रजाउल्लाह और साद बैग की वापसी हुई है। वहीं अब्दुल समद, अहमद दानियाल, माज सदाकत, रोहेल नजीर, साहिबजादा फरहान और शमिल हुसैन को वनडे टीम से बाहर किया गया है।
टी20आई टीम: साहिबजादा फरहान (कप्तान), अब्दुल समद, अबरार अहमद, अराफात मिन्हास, फखर जमान, हसन नवाज, मोहम्मद इमरान रंधावा, ख्वाजा नाफे (विकेटकीपर), माज सदाकत, नसीम शाह, रजाउल्लाह, सैम अय्यूब, मोहम्मद सलमान मिर्जा, शादाब खान और सुफियान मोकीम।
वनडे टीम: शाहीन शाह अफरीदी (कप्तान), अबरार अहमद, सलमान अली आगा, अराफात मिन्हास, बाबर आजम, फहीम अशरफ, फखर जमान, मोहम्मद गाजी घोरी (विकेटकीपर), हारिस रऊफ, हसन नवाज, नसीम शाह, रजाउल्लाह, साद बैग (विकेटकीपर), सैम अय्यूब, शादाब खान और सुफियान मोकीम।