विस्तृत----- भारत के आगे 25 गेंद रहते पाक ने टेक दिए घुटने

भारतीय टीम ने एशिया कप के महामुकाबले में पाकिस्तान को एकतरफा घुटने टेकने के लिए मजबूर कर दिया। पाकिस्तान ने 128 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे भारत ने आसानी से हासिल कर लिया।

Sep 14, 2025 - 23:57
 0
विस्तृत----- भारत के आगे 25 गेंद रहते पाक ने टेक दिए घुटने


दुबई। भारतीय टीम ने हमारी आर्मी की ही तरह जांबाज प्रदर्शन करते हुए दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में पाकिस्तान पर ऑपरेशन सिंदूर का अगला चरण पूरा कर दिया। उसने पाकिस्तान को 25 गेंद रहते घुटनों पर आने के लिए मजबूर कर दिया। पाकिस्तान ने पहले बैटिंग करते हुए भारत को जीत के लिए 128 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे उसने 15.5 ओवरों में ही हासिल कर लिया। भारत के लिए गेंदबाजी में कुलदीप, अक्षर और बुमराह ने कमाल किया तो बल्लेबाजी में ओपनर अभिषेक शर्मा मैदान पर उतरते ही तूफानी अंदाज में रन बरसाए और पहले ओवर की शुरुआती दो गेंदों में चौका और छक्का जड़ दिया। इसके बाद रनों का प्रवाह नहीं रुका और टीम इंडिया ने आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही भारत सुपर-4 में पहुंच चुका है।

128 रनों के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम का आगाज अभिषेक शर्मा के चौके के साथ हुआ। उन्होंने विपक्षी टीम के पेसर शाहीन अफरीदी को बच्चों की तरह पहली गेंद पर चौका और दूसरी गेंद पर छक्का जड़ दिया। इसके बाद तो स्टेडियम में बैठे भारतीय फैंस का जश्न देखते बन रहा था। शुभमन गिल हालांकि स्टंप आउट हुए और 10 रनों के निजी स्कोर पर चलते बने, लेकिन रनों की बरसात नहीं रुकी। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 13 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्के उड़ाते हुए 31 रन ठोके।  
 
इसके बाद सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा ने पारी को आगे बढ़ाया। इन दोनों ने टीम को 97 रनों तक पहुंचाया। तिलक वर्मा 31 रन बनाकर आउट हुए तो शिवम दुबे ने उतरते ही हवाई शॉट खेला। सूर्यकुमार यादव ने कप्तानी पारी खेलते हुए 37 गेंदों में 5 चौके और एक छक्का की मदद से नाबाद 47 रनों की पारी खेली। शिवम दुबे 10 रन बनाकर नाबाद रहे। इस तरह से भारतीय टीम ने 15.5 ओवरों में सिर्फ 3 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।

एशिया कप के बहुचर्चित ग्रुप मुकाबले में इससे पहले कुलदीप यादव की कलात्मकता, अक्षर पटेल का अनुशासन और वरुण चक्रवर्ती के हुनर के सामने पाकिस्तानी टीम भारत के खिलाफ 9 विकेट पर 127 रन ही बना सकी। भारत ने एक बार फिर दिखा दिया कि दोनों टीमों के प्रदर्शन में जमीन आसमान का अंतर है। स्पिनर अक्षर ने चार ओवर में 18 रन देकर दो, कुलदीप ने चार ओवर में 18 रन देकर तीन और वरुण ने चार ओवर में 24 रन देकर एक विकेट लिया। पाकिस्तान का कोई भी बल्लेबाज इस तिकड़ी के सामने टिक नहीं सका।

अक्षर, कुलदीप और वरुण ने मिलकर 40 डॉट गेंदें डाली और जसप्रीत बुमराह ने भी 15 डॉट गेंद फेंकी। इसी से पाकिस्तानी बल्लेबाजों पर बने दबाव का पता चल जाता है। शाहीन शाह अफरीदी ने अगर आखिर में 16 गेंद में नाबाद 33 रन नहीं बनाये होते तो पाकिस्तान 125 रन के पार भी नहीं पहुंचता। सूर्यकुमार यादव टॉस हार गए और पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा से हाथ भी नहीं मिलाया। भारत ने पहली वैध गेंद से ही दबाव बना दिया और सईम अयूब खाता खोले बिना हार्दिक पंड्या की गेंद पर पॉइंट में बुमराह को कैच दे बैठे। बुमराह ने चार ओवर में 28 रन देकर दो विकेट लिए।

उन्होंने पिछले मैच में सर्वाधिक रन बनाने वाले मोहम्मद हारिस (तीन) को पवेलियन भेजा। वह पूल शॉट खेलने के प्रयास में फाइन लेग में खड़े पंड्या को कैच देकर लौटे। साहिबजादा फरहान ने 44 गेंद में 40 रन बनाये और बुमराह को दो छक्के भी जड़े लेकिन भारत के किसी स्पिनर का सामना नहीं कर पाये। पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने खराब शॉट खेले और उनमें तकनीक का भी अभाव नजर आया। फखर जमां (15 गेंद में 17 रन) ने अक्षर के सामने जोखिम उठाने का साहस किया हालांकि स्पिन गेंदबाजों के खिलाफ उनका कैरियर रिकॉर्ड बेहतर रहा है।

अक्षर के आते ही फखर ने उन्हें खराब शॉट खेला और लांग आन पर तिलक वर्मा को कैच दे दिया। पाकिस्तानी कप्तान सलमान तीन रन बनाकर पवेलियन लौट गए जो गेंद की लैंग्थ और अतिरिक्त उछाल को भांप ही नहीं पाए। बाएं हाथ के बल्लेबाज मोहम्मद नवाज को कुलदीप की गुगली ने परेशान किया। फरहान को भी कुलदीप ने रवाना किया। इसके साथ ही बहुदेशीय टूर्नामेंटों में भारत के खिलाफ पाकिस्तान का लचर प्रदर्शन जारी रहा है।