अरमान मलिक और उनकी दोनों पत्नियों को पटियाला हाउस कोर्ट ने भेजा समन

यूट्यूबर अरमान मलिक, उनकी पत्नी पायल और कृतिका को पटियाला हाउस कोर्ट ने समन भेजा है। दविंदर राजपूत की याचिका पर कोर्ट ने यह कार्रवाई की है, जिसमें अरमान पर चार शादियां करने का आरोप है, जो हिंदू विवाह अधिनियम का उल्लंघन है।

Aug 13, 2025 - 21:56
 0
अरमान मलिक और उनकी दोनों पत्नियों को पटियाला हाउस कोर्ट ने भेजा समन

 

नई दिल्ली। यूट्यूबर अरमान मलिक, जिन्हें सलमान खान के रियलिटी शो 'बिग बॉस ओटीटी 3' में देखा गया था, उन्हें और उनकी दोनों पत्नियों पायल-कृतिका को पटियाला हाउस  कोर्ट ने तलब किया है। तीनों को दो अलग-अलग मामलो में समन भेजा गया है और 2 सितंबर को कोर्ट में पेश होने के लिए नोटिस जारी किया गया है। इससे इन तीनों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। हाल ही में ये धार्मिक भावनाएं आहत करने के कारण सुर्खियों में थे।

'लाइव हिंदुस्तान' की रिपोर्ट के मुताबिक, अरमान मलिक, पायल मलिक और कृतिका मलिक के खिलाफ दविंदर राजपूत नाम के व्यक्ति ने याचिका दायर की थी और उसी के जवाब में ये समन आया है। उन्होंने आरोप लगाया है कि अरमान मलिक ने दो नहीं, बल्कि चार शादियां की हैं, जो हिंदू मैरिज एक्ट का उल्लंघन है। क्योंकि इस एक्ट में हिंदू धर्म को मानने वाले व्यक्ति को एक समय पर सिर्फ एक शादी करने की इजाजत है।  

याचिका में कई शादियां करने का आरोप लगाने के अलावा, अरमान और पायल पर धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का भी आरोप लगाया गया है। इसमें कहा गया है कि पायल ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें वह हिंदू देवी माता काली की तरह तैयार हुई थीं, इससे काफी विवाद भी हुआ था। याचिकाकर्ता का दावा है कि उनके ऐसा करने से से धार्मिक मान्यताओं का अपमान हुआ है और यह भारतीय कानून के तहत दंडनीय अपराध है।

हालांकि देवी काली वाले विवाद के बाद पायल और अरमान ने सजा भी पूरी की थी। उन्होंने सबसे माफी मांगी थी। और बताया था कि बेटी के लिए सिर्फ ऐसा किया था। उनका इरादा किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाने का नहीं था। वह 22 जुलाई को पटियाला के काली माता मंदिर गए थे और प्रार्थना की थी। साथ ही माफी मांगी थी। फिर वह 23 जुलाई को मोहाली के खरड़ स्थित एक अन्य काली मंदिर में गए थे, जहां 7 दिन की सजा ली थी। उसमें उन्होंने मंदिर की सफाई करने से लेकर वहां अनुष्ठान करवाया था। इतना ही नहीं, ये हरिद्वार गए थे और निरंजनी अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर कैलाशानंद गिरि तक से माफी मांगी थी। इस दौरान पायल की तबीयत भी खराब हो गई थी और वह अस्पताल में भर्ती भी हुई थीं।