पेंगुइन ने कहा, जनरल नरवणे की किताब प्रकाशित नहीं हुई, कर सकता है कानूनी कार्रवाई
जनरल मनोज मुकुंद नरवणे की किताब 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' को लेकर जारी विवाद पर प्रकाशक पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने स्पष्ट किया कि पुस्तक अभी प्रकाशित नहीं हुई है। किसी भी प्रिंट या डिजिटल कॉपी को अवैध बताया गया है। जनरल नरवणे ने भी विवाद के बीच अपना पहला रिएक्शन देते हुए कहा, यही किताब की वर्तमान स्थिति है।
नई दिल्ली। नई दिल्ली: पूर्व सेना प्रमुख जनरल मनोज मुकुंद नरवणे ने अपनी किताब 'फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी' को लेकर जारी विवाद पर अपना पहला रिएक्शन दिया है। उन्होंने पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया की एक पोस्ट को जारी कर कहा है कि यह किताब अभी प्रकाशित नहीं हुई है और न ही इसकी कोई प्रति प्रिंट या डिजिटल रूप में जारी की गई है।
पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने भी मंगलवार को स्पष्ट किया कि इस किताब के प्रकाशन अधिकार उनके पास हैं, लेकिन फिलहाल इसे सार्वजनिक नहीं किया गया है। यदि कोई प्रति कहीं प्रसारित हो रही है, तो वह अवैध है और कॉपीराइट कानून का उल्लंघन है। इस पोस्ट को सोशल मीडिया एक्स पर शेयर करते हुए पूर्व सेना प्रमुख ने कहा, यही किताब की वर्तमान स्थिति है।
पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने बताया कि किसी किताब की घोषणा, प्री-ऑर्डर और वास्तविक प्रकाशन अलग-अलग प्रक्रियाएं होती हैं। जब तक किताब बाजार में बिक्री के लिए उपलब्ध न हो, तब तक उसे प्रकाशित नहीं माना जाता। पेंगुइन रैंडम हाउस इंडिया ने साफ किया है कि वह अवैध रूप से फैल रही किसी भी सामग्री के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करेगा और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।