सीवान से पीएम मोदी का हमला: लालटेन-पंजे वाले बिहार के स्वाभिमान को लूटते रहे
सीवान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सीवान में 10 हजार करोड़ की परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास के बाद जसौली में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि बिहार के लिए बहुत कुछ करना बाकी है। इस दौरान उन्होंने 28 विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस अवसर पर पटना-गोरखपुर वंदे भारत ट्रेन, नमामि गंगे प्रोजेक्ट, शहरी जल व सीवरेज नेटवर्क, और पीएम आवास योजना की पहली किस्त जैसी बड़ी योजनाओं की सौगात दी।
-दस हजार करोड़ से अधिक की 28 परियोजनाओं का किया उद्घाटन और शिलान्यास
मोदी का राजद-कांग्रेस पर हमला
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने लालू यादव, तेजस्वी यादव और राहुल गांधी का नाम लेकर विपक्ष पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि आरजेडी और कांग्रेस वालों ने बाबा साहेब आंबेडकर की तस्वीर को पैरों में रखा, जबकि मैं उन्हें दिल में रखता हूं। ये दलित विरोधी मानसिकता की पहचान है।
उन्होंने आगे कहा कि पंजे और लालटेन वालों ने बिहार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई है। उन्होंने बिहार में हुई लूट-खसोट, अराजकता, और महिलाओं की उपेक्षा का हवाला देते हुए कहा कि एनडीए सरकार बिहार को फिर से विकास की पटरी पर लाई है।
बिहार को मिला इंफ्रास्ट्रक्चर बूस्ट
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बीते 10 वर्षों में बिहार में 55,000 किमी ग्रामीण सड़कें, 1.5 करोड़ बिजली कनेक्शन, 1.5 करोड़ पानी कनेक्शन और 45,000 कॉमन सर्विस सेंटर स्थापित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि हमने भले ही बहुत कुछ किया हो, लेकिन रुकने वाले नहीं हैं। बिहार को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है।
भोजपुरी में भाषण की शुरुआत
सभा की शुरुआत पीएम मोदी ने भोजपुरी में अभिवादन के साथ की। उन्होंने कहा कि बिहार के लोग स्वाभिमानी और मेहनती हैं, लेकिन लालू-राज में उन्होंने अंधेरे और डर का माहौल झेला। अब बिहार में बदलाव दिख रहा है और डबल इंजन सरकार इसे और तेज़ गति दे रही है।
सीएम नीतीश कुमार की मौजूदगी और समर्थन
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भी मौजूद रहे। उन्होंने प्रधानमंत्री का धन्यवाद देते हुए कहा कि पीएम मोदी आज बिहार को योजनाओं का तोहफा देने आए हैं। पहले के राज में महिलाएं घर से नहीं निकल सकती थीं, आज माहौल बदला है।