पीएम मोदी ने अहमदाबाद एयरपोर्ट अधिकारियों संग की आगे के एक्शन प्लान पर चर्चा
अहमदाबाद। प्लेन क्रैश को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सुबह यहां पहुंचे। उन्होंने अहमदाबाद एयरपोर्ट पर अधिकारियों के साथ बैठक की। इस बैठक में गुजरात के सीएम, गृह मंत्री और केंद्रीय उड्डयन मंत्री शामिल हैं। इस समीक्षा बैठक में पीएम मोदी ने अधिकारियों से विस्तृत रिपोर्ट ली। पीएम मोदी ने आगे के एक्शन प्लान पर भी चर्चा की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज एयर इंडिया हादसे में जीवित बचे लोगों से मिलने के लिए अहमदाबाद सिविल अस्पताल का दौरा किया। उनके साथ गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री राम मोहन नायडू, केंद्रीय राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल और राज्य के गृह मंत्री हर्ष संघवी भी थे। घायलों के साथ समय बिताने और चल रहे इलाज की समीक्षा करने के बाद प्रधानमंत्री अस्पताल से चले गए
हादसे का शिकार हुई लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट एआई-171 में करीब 53 ब्रिटिश नागरिक बैठे थे। इस हादसे के बाद ब्रिटिश हाई कमीशन के अधिकारी अहमदाबाद के डोमेस्टिक एयरपोर्ट पर पहुंचे हैं और ब्रिटिश नागरिकों के बारे में जानकारी ले रहे हैं।
इस बीच प्लेन क्रैश में जिन मृतकों की पहचान बिना डीएनए के हो पाई है, उन्हें परिजनों को सौंपा जा रहा है। इसी कड़ी में चार शव परिवार वालों को दे दिए गए हैं।
एयर इंडिया ने गुरुवार की देर रात जारी एक बयान में कहा, ‘‘हमें यह बताते हुए दुख हो रहा है कि विमान में सवार 242 लोगों में से 241 की मौत की पुष्टि हो चुकी है। एकमात्र जीवित व्यक्ति भारतीय मूल का ब्रिटिश नागरिक है और उसका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है।"