पीएम मोदी आज रूस के कजान में राष्ट्रपति पुतिन से कर सकते हैं वार्ता

मास्को। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ब्रिक्स समिट में शामिल होने के लिए रूस के कजान शहर पहुंच गए हैं। उनका यह दौरा दो दिन का है। पीएम मोदी पिछले चार महीनों में दूसरी बार रूस के दौरे पर गए हैं।

Oct 22, 2024 - 13:24
 0
पीएम मोदी आज रूस के कजान में राष्ट्रपति पुतिन से कर सकते हैं वार्ता

मोदी इससे पहले जुलाई में भारत-रूस शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे थे। पीएम आज शाम को ब्रिक्स लीडर्स के साथ डिनर में शामिल होंगे। इसके बाद रूसी राष्ट्रपति पुतिन से मिलेंगे। उनकी कई लीडर्स के साथ अनौपचारिक बातचीत भी हो सकती है।

विदेश मंत्रालय के मुताबिक पीएम मोदी कल ब्रिक्स की मीटिंग में हिस्सा लेंगे। यह दो सेशन में होगी। सबसे पहले सुबह क्लोज प्लेनरी यानी बंद कमरे में बातचीत होगी। इसके बाद शाम को ओपन प्लेनरी होगी। इस दौरान पीएम मोदी कई नेताओं से द्विपक्षीय बातचीत भी करेंगे।

ब्रिक्स समिट की साइडलाइन में पीएम मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की बातचीत होने की संभावना है। विदेश मंत्रालय ने कल ही बताया कि भारत और चीन के बीच लद्दाख में पेट्रोलिंग को लेकर समझौते पर सहमति बन गई है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ऐसे में पीएम मोदी और जिनपिंग की बातचीत हो सकती है। अगर ऐसा होता है तो दो साल बाद दोनों नेता आपस में बातचीत करेंगे। दोनों के बीच आखिरी बार 2022 में इंडोनेशिया के बाली में जी20 समिट के दौरान मुलाकात हुई थी। हालांकि पिछले साल साउथ अफ्रीका के जोहान्सबर्ग में हुई ब्रिक्स समिट में दोनों नेता शामिल हुए थे।

पीएम मोदी 23 अक्टूबर को रूस से रवाना हो जाएंगे। इसके बाद 24 अक्टूबर को ब्रिक्स  प्लस देशों के सेशन में भारतीय डेलिगेशन को विदेश मंत्री एस जयशंकर लीड करेंगे। यह सेशन ब्रिक्स और ग्लोबल साउथ की थीम पर होगा। इस समिट में कुल 28 देश और पांच अंतरराष्ट्रीय संगठन हिस्सा लेंगे। समिट के बाद ब्रिक्स देशों का साझा बयान यानी कजान डिक्लेरेशन जारी होगा। भारत कजान में नए कॉन्सुलेट की शुरुआत भी कर सकता है। यहां एक हजार से अधिक भारतीय छात्र रहते हैं।