पीएम मोदी ने ट्रम्प को दोस्त कह कर दी बधाई
वाशिंगटन। अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए हुए मतदान में डोनाल्ड ट्रंप ने जीत हासिल कर ली है। राष्ट्रपति पद की रेस के लिए रिपब्लिकन पार्टी के नेता डोनाल्ड ट्रंप और डेमोक्रेटिक पार्टी की उनकी प्रतिद्वंद्वी कमला हैरिस के बीच मुकाबला था। वोटिंग के बाद मतगणना के दौरान जारी प्रोजेक्शन में डोनाल्ड ट्रंप ने जीत के लिए जरूरी 270 वोटों का आंकड़ा पार कर लिया है। अमेरिकी चुनाव में स्विंग स्टेट ने अहम भूमिका अदा की, जिसमें तीन महत्वपूर्ण राज्यों में ट्रंप ने जीत हासिल करके मुकाबला अपने नाम किया। भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी डोनाल्ड ट्रम्प को जीत की बधाई दी है। मोदी ने कहा कि मेरे दोस्त ट्रम्प की ऐतिहासिक जीत पर उन्हें बहुत-बहुत बधाई। उन्होंने कहा कि अब हम और मजबूती के साथ द्विपक्षीय और वैश्विक साझीदारी को मजबूत करेंगे।
जनसंख्या के आधार पर राज्यों को इलेक्टोरल कॉलेज के वोट दिए जाते हैं। कुल 538 इलेक्टोरल कॉलेज वोट के लिए मतदान होता है। 270 या उससे अधिक इलेक्टोरल वोट पाने वाले उम्मीदवार को चुनाव में विजेता घोषित किया जाता है। अमेरिका में 50 राज्य हैं और उनमें से अधिकतर राज्य हर चुनाव में एक ही पार्टी को वोट देते रहे हैं, सिवाय ‘स्विंग’ राज्यों के। डोनाल्ड ट्रम्प को दोपहर दो बजे तक करीब 277 इलेक्टोरल वोट मिल चुके थे।
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री कीर स्टार्मर ने अमेरिका का राष्ट्रपति चुने पर डोनाल्ड ट्रंप को बधाई दी है। उन्होंने एक्स पर एक संदेश साझा करते हुए लिखा कि निर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को ऐतिहासिक जीत पर बधाई। स्टार्मर ने ब्रिटेन और अमेरिका के विशेष संबंधों पर जोर देते हुए कहा कि सबसे करीबी सहयोगी के रूप में, हम अपने साझा मूल्यों की रक्षा के लिए कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।
संयुक्त राज्य अमेरिका में रूस के दूतावास ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में मॉस्को के हस्तक्षेप' के आरोपों से इनकार किया है। अमेरिकी अधिकारियों ने कहा कि मतदान केंद्रों पर बम विस्फोट की झूठी धमकियां रूस से आई मालूम पड़ती हैं। अमेरिकी जांच एजेंसी पुष्टि की कि कई राज्यों में मतदान केंद्रों पर बम विस्फोट की धमकियां संभवतः रूसी ईमेल डोमेन से भेजी गई थीं। हालांकि, एफबीआई ने कहा कि किसी भी धमकी को विश्वसनीय नहीं पाया गया, लेकिन इसके चलते कई मतदान केंद्रों को अस्थायी रूप से बंद करने पर मजबूर होना पड़ा।
डोनाल्ड ट्रंप ने अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव जीत लिया है। फॉक्स न्यूज के प्रोजेक्शन में डोनाल्ड ट्रंप को विजेता घोषित किया है। उन्होंने उपराष्ट्रपति कमला हैरिस के खिलाफ शानदार जीत हासिल की है, जिससे उन्हें वॉइट हाउस में दूसरा कार्यकाल मिल गया है। चुनाव अभियान के दौरान दो बार डोनाल्ड ट्रंप की जान लेने की कोशिश की गई।
इस जीत के साथ ही उन्होंने अमेरिकी राजनीति में इतिहास रच दिया है। डोनाल्ड ट्रंप 1892 के बाद से पहले राष्ट्रपति होंगे जो एक कार्यकाल के अंतराल के बाद दोबारा राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं। अमेरिकी इतिहास में वह केवल ऐसे दूसरे राष्ट्रपति होंगे।
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि मैं अमेरिकी लोगों को आपके 47वें राष्ट्रपति और 45वें राष्ट्रपति चुने जाने के असाधारण सम्मान के लिए धन्यवाद देना चाहता हूं। फ्लोरिडा के पॉम बीच पर समर्थकों से उन्होंने कहा कि मैं हर दिन आपके लिए, आपके परिवार और आपके भविष्य के लिए लड़ूंगा। मैं अपने शरीर की हर सांस के साथ आपके लिए लड़ूंगा। मैं तब तक चैन से नहीं बैठूंगा जब तक हम वह मजबूत, सुरक्षित और समृद्ध अमेरिका नहीं बना देते जिसके हमारे बच्चे और आप हकदार हैं। यह वास्तव में अमेरिका का स्वर्णिम युग होगा।
फ्लोरिडा के वेस्ट पाम बीच में एक कन्वेंशन सेंटर में ट्रम्प ने अमेरिकियों से वादा किया कि वह अमेरिका के स्वर्ण युग की शुरुआत करेंगे। सीनेट में पार्टी की जीत की जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अमेरिका ने हमें अभूतपूर्व और शक्तिशाली जनादेश दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव में निर्णायक बढ़त के बाद रिपब्लिकन उम्मीदवार डोनाल्ड ट्रंप समर्थकों को संबोधित कर रहे हैं। मंच पर पत्नी के साथ पहुंचे ट्रंप ने कहा कि लोगों को धन्यवाद देते हुए कहा कि हम अपने देश को ठीक होने में मदद करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा, 'यह अमेरिकी लोगों के लिए एक शानदार जीत है, जो हमें अमेरिका को फिर से महान बनाने की मंजूरी देगी।